तिरंगे के रंग में रंगा चौसा, जागरूकता रैली में गूंजा देशभक्ति का संदेश
स्वतंत्रता दिवस से पहले चौसा नगर में बुधवार को राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली में स्कूली बच्चों से लेकर अधिकारी, शिक्षक और जीविका दीदियां तक कदम से कदम मिलाकर चले। रैली के जरिए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया।

केटी न्यूज/चौसा
स्वतंत्रता दिवस से पहले चौसा नगर में बुधवार को राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली में स्कूली बच्चों से लेकर अधिकारी, शिक्षक और जीविका दीदियां तक कदम से कदम मिलाकर चले। रैली के जरिए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और स्वतंत्रता दिवस पर घर-घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया।रैली की शुरुआत आदर्श उच्च विद्यालय परिसर से हुई। सदर अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राएं नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरे और देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को अभियान के प्रति जागरूक किया। रैली में शामिल बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और कर्तव्य का बोध कराने का माध्यम भी है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अधिक से अधिक लोगों से अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।रैली में बीडीओ मनोज पासवान, सीओ विजय प्रकाश, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी शिखा राय, स्वास्थ्य विभाग के कर्मी, आदर्श उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक ब्रजेश कुमार समेत अन्य अधिकारी-कर्मी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और जीविका दीदियां शामिल हुईं। रैली के माध्यम से नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस को उत्साह, सम्मान और राष्ट्रीय भावना के साथ मनाने का संदेश दिया गया।

