बक्सर में 50 हजार का इनामी अपराधी गिरफ्तार, इनाम घोषित होते ही तेज हुई कार्रवाई
जिले में आपसी जमीन विवाद में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को बक्सर पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव के रूप में हुई है। बक्सर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा कि कानून से भागने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
केटी न्यूज/बक्सर।
जिले में आपसी जमीन विवाद में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अपराधी को बक्सर पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव के रूप में हुई है। बक्सर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने इसकी आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा कि कानून से भागने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।मामला 7 जून 2023 का है, जब तिलक राय थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में प्रदीप कुमार सिंह और उनके बड़े भाई रामबचन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे।इलाज के दौरान रामबचन यादव की मौत हो गई थी। इस मामले में तिलक राय थाना में कांड संख्या 187/23 दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान धुरान यादव उर्फ जयप्रकाश यादव सहित कई लोगों की संलिप्तता सामने आई थी।घटना के बाद से ही आरोपी फरार चल रहे थे और लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे। पुलिस को चकमा देने के लिए वे राज्य से बाहर भी छिपते रहे। इसी बीच महज दो दिन पहले बक्सर पुलिस ने धुरान यादव और उसके भाई पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इनाम घोषित होते ही पुलिस की कार्रवाई और तेज कर दी गई। तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही थी।आखिरकार पुलिस टीम को सफलता मिली और धुरान यादव को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के लिए गठित टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव पोलस्त कुमार कर रहे थे।

पुलिस की सटीक रणनीति और समन्वित कार्रवाई का ही नतीजा है कि लंबे समय से फरार आरोपी अब सलाखों के पीछे है।एसपी शुभम आर्य ने बताया कि अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार प्रयास जारी हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी आपराधिक कृत्य में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।बक्सर पुलिस की इस कार्रवाई से यह संदेश गया है कि अपराध कर फरार होने से बचाव संभव नहीं है। इनाम की घोषणा के बाद जिस तेजी से कार्रवाई हुई और एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई, उसने पुलिस की सक्रियता और प्रतिबद्धता को साबित कर दिया है।

