फंदे पर झूली मिली विवाहिता की लाश, मायके वालों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप, पति गिरफ्तार

फंदे पर झूली मिली विवाहिता की लाश, मायके वालों ने दहेज हत्या का लगाया आरोप, पति गिरफ्तार

सिकरौल थाना क्षेत्र के रेंका गांव का है मामला

केटी न्यूज/नावानगर

सोमवार की रात सिकरौल थाना क्षेत्र के रेंका गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार की सुबह उसका शव फंदे से लटका पाया गया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहंुच शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए बक्सर भेज दिया। इधर मृतका के मायके वालों में दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। जिसके बाद पुलिस ने उसके पति

दीपक गोंड को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका सलोनी देवी उम्र 21 वर्ष का मायका औद्योगिक थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव है। उसके भाई मुकेश कुमार ने पति तथा चचेरे ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने बताया है कि पिछले साल ही उसने अपनी बहन की शादी रेंका गांव के बच्चन गोंड के पुत्र दीपक से की थी।

शादी के बाद से ही दीपक तथा उसका चाचा सलोनी को प्रताड़ित करते थे। इसी प्रताड़ना से तंग आ उसने आत्महत्या की है। इधर ग्रामीण सूत्रों की मानें तो दीपक शादी के बाद दिल्ली के किसी निजी कंपनी में काम करता था। वह चार पांच दिन पहले ही गांव आया था तथा रात में पति व पत्नी के बीच किसी बात को ले विवाद

हुआ था। जिसके बाद दीपक नाराज हो कमरे से बाहर सोने चला गया था। इधर सलोनी रात में फंदे से झूल आत्महत्या कर ली। सिकरौल थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका के भाई ने पति व चचेरे ससुर पर मामला दर्ज कराया है। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।