मार्जिन मनी भुगतान में देरी से जन वितरण प्रणाली चरमराई, डीलर आंदोलन की चेतावनी
जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की रीढ़ माने जाने वाले डीलर आज खुद अस्तित्व के संकट से जूझ रहे हैं। बीते छह माह से मार्जिन मनी का भुगतान नहीं होने के कारण डुमरांव अनुमंडल के फेयर प्राइस दुकानदार गंभीर आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि कई डीलर भूखमरी के कगार पर पहुंचने की बात कह रहे हैं। इसके बावजूद डीलरों ने अब तक राशन वितरण व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया है।
--छह माह से बकाया भुगतान, आर्थिक संकट से जूझ रहे पीडीएस दुकानदार, राज्यस्तरीय निर्णय का करेंगे पालन
केटी न्यूज/डुमरांव।
जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की रीढ़ माने जाने वाले डीलर आज खुद अस्तित्व के संकट से जूझ रहे हैं। बीते छह माह से मार्जिन मनी का भुगतान नहीं होने के कारण डुमरांव अनुमंडल के फेयर प्राइस दुकानदार गंभीर आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि कई डीलर भूखमरी के कगार पर पहुंचने की बात कह रहे हैं। इसके बावजूद डीलरों ने अब तक राशन वितरण व्यवस्था को प्रभावित नहीं होने दिया है।इसी समस्या को लेकर रविवार को डुमरांव अनुमंडल के जन वितरण प्रणाली डीलरों की एक महत्वपूर्ण बैठक मां डुमरेजिन मंदिर परिसर में आयोजित की गई।

बैठक फेयर प्राइस डीलर एसोसिएशन के बैनर तले हुई, जिसकी अध्यक्षता अनुमंडल अध्यक्ष भुटेश्वर सिंह ने की, जबकि संचालन जिला प्रवक्ता हीरालाल ने किया।बैठक में डीलरों ने एक स्वर में कहा कि जुलाई 2025 से लगातार मार्जिन मनी का भुगतान बंद है। हर माह संबंधित विभाग और अधिकारियों से केवल आश्वासन मिल रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई समाधान नहीं निकल पा रहा। डीलरों ने सवाल उठाया कि जब उन्हें समय पर भुगतान नहीं मिल रहा, तो आखिर किस आधार पर उनसे निर्बाध सेवा की उम्मीद की जा रही है।डीलरों का कहना है कि राशन उठाव, दुकान संचालन, परिवहन और अन्य खर्च वे अपनी जेब से वहन कर रहे हैं।

ऐसे में परिवार का भरण-पोषण करना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि डीलरों ने अब तक जनहित को सर्वोपरि रखते हुए वितरण कार्य में कोई कोताही नहीं बरती है, लेकिन अनदेखी की यह स्थिति ज्यादा दिनों तक सहन करना संभव नहीं है।एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मार्जिन मनी का भुगतान नहीं किया गया, तो राज्य स्तर पर जो भी निर्णय लिया जाएगा, डुमरांव अनुमंडल के सभी डीलर एकजुट होकर उसका पालन करेंगे। बैठक में लाल साहेब सिंह, पारस सिंह, रमेश सिंह यादव, शिवचंद्र सिंह, धीरेन्द्र तिवारी, वीरेन्द्र लाल, शैलेन्द्र सिंह, नर्वदेश्वर, चितेश्वर सहित बड़ी संख्या में डीलर उपस्थित रहे।

