ऐतिहासिक पुरनिया पोखरा से पानी निकासी पर उठा विवाद, सीएसआर अधिकारी ने ग्रामीणों को दी सफाई
प्रखंड क्षेत्र के पोखरा टोला स्थित ऐतिहासिक पुरनिया पोखरा से पानी निकासी को लेकर उठे विवाद के बीच नवानगर स्थित वरुण पेप्सी कंपनी के सीएसआर अधिकारी श्रीमन ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर पूरे प्रोजेक्ट की जानकारी दी। उन्होंने लोगों की आशंकाओं को दूर करते हुए कहा कि कंपनी सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान भूजल स्तर और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


__ बोले– भूजल स्तर बनाए रखने के लिए कंपनी पूरी तरह प्रतिबद्ध, अफवाहों पर न दें ध्यान
केटी न्यूज/केसठ।
प्रखंड क्षेत्र के पोखरा टोला स्थित ऐतिहासिक पुरनिया पोखरा से पानी निकासी को लेकर उठे विवाद के बीच नवानगर स्थित वरुण पेप्सी कंपनी के सीएसआर अधिकारी श्रीमन ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर पूरे प्रोजेक्ट की जानकारी दी। उन्होंने लोगों की आशंकाओं को दूर करते हुए कहा कि कंपनी सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान भूजल स्तर और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।करीब 26 बीघे क्षेत्र में फैले इस ऐतिहासिक पोखरा का सौंदर्यीकरण कार्य कंपनी द्वारा सीएसआर योजना के तहत कराया जा रहा है।

पोखरा से पानी निकाले जाने की सूचना के बाद ग्रामीणों में पेयजल संकट और भूजल स्तर गिरने की चिंता बढ़ गई थी। ग्रामीणों का कहना था कि यह पोखरा इलाके के जलस्तर को बनाए रखने के साथ-साथ मछली पालन और पर्यावरण संरक्षण का भी प्रमुख केंद्र है।विवाद बढ़ने के बाद सीएसआर अधिकारी श्रीमन ने ग्रामीणों से बातचीत कर बताया कि सौंदर्यीकरण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पोखरा को बेहतर और स्थायी रूप से विकसित करने के उद्देश्य से कार्य कराया जा रहा है, न कि उसे नुकसान पहुंचाने के लिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी की ओर से इस बात का पूरा ध्यान रखा जा रहा है कि क्षेत्र के भूजल स्तर पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि परियोजना का उद्देश्य पोखरा को और अधिक उपयोगी, सुरक्षित एवं सुंदर बनाना है। साथ ही कंपनी की ओर से पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के सभी मानकों का पालन किया जा रहा है।ग्रामीणों ने भी अपनी चिंताओं को अधिकारियों के समक्ष रखा और कार्य की निगरानी पारदर्शी तरीके से कराने की मांग की। फिलहाल कंपनी की ओर से दिए गए आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य होती नजर आ रही है।

