लूटपाट का विरोध करने पर बालू लदे ट्रक के खलासी को मारी गोली, चालक से छीन ले गए बीस हजार

लूटपाट का विरोध करने पर बालू लदे ट्रक के खलासी को मारी गोली, चालक से छीन ले गए बीस हजार

सहार से बालू लोड कर मधुबनी जाने के दौरान बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम 

एसपी बोले: जल्द पकड़े जायेंगे लुटेरे,  गिरफ्तारी को लेकर एएसपी के नेतृत्व में टीम कर रही छापेमारी

केटी न्यूज/आरा

आरा-छपरा फोरलेन पर कोईलवर क्षेत्र के जमालपुर गांव के समीप शुक्रवार की सुबह अपराधियों द्वारा हथियार के बल पर बालू लदे ट्रक के चालक और खलासी से लूटपाट की गयी। उस दौरान चालक से बीस हजार रुपए लूट लिया गया और विरोध करने पर मधुबनी निवासी खलासी को गोली मार भी दी गयी। उससे पहले चालक और खलासी के साथ मारपीट की गयी। गोली खलासी के दायीं साइड सीने के पास लगी है।

उससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसका इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है, जहां डाक्टर विकास सिंह द्वारा ऑपरेशन कर उसके सीने में फंसी गोली निकाल दी गयी है। जख्मी खलासी मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र के सकरी गांव निवासी राम खेलावन पासवान का 28 वर्षीय पुत्री रामदेव पासवान है। इधर, अहले सुबह खलासी को गोली मारे जाने और लूट की घटना से इलाके में सनसनी मच गयी।

सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन की। चालक और खलासी सहार के ननउर घाट से बालू लेकर मधुबनी लौट रहे थे। एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि ट्रक ड्राइवर और खलासी से मारपीट कर तीन-चार की संख्या में रहे अपराधियों द्वारा लूटपाट की गई। चालक से बीस हजार रुपए भी छीन लिया गया।

खलासी रामदेव पासवान के हाथ में गोली भी लग गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस द्वारा खलासी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह खतरे से बाहर है। एएसपी परिचय कुमार ने घटना स्थल पर पहुंच कर पूरी जानकारी ली। अपराधियों की गिरफ्तारी को छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभ गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

गोली लगने के बाद डर के मारे पैदल भागने लगा खलासी, नाले में जा गिरा

ट्रक के चालक किशुन महतो ने बताया कि वह खलासी रामदेव पासवान के साथ बालू लेने सहार थाना क्षेत्र के ननउर बालू घाट गया था। शुक्रवार की सुबह बालू लोड कर दोनों मधुबनी लौट रहे थे। उस दौरान सुबह करीब पांच जमालपुर गांव के समीप पहुंचा। तभी आठ-दस की संख्या हथियारबंद अपराधी वहां आ धमके। उसके बाद पहले दोनों की बांस से पिटाई की गयी।

फिर खलासी रामदेव पासवान को गोली मार दी गयी। उस दौरान अपराधियों द्वारा उससे बीस हजार रुपए भी छीन लिया गया। गोली लगने के बाद रामदेव पासवान भागने लगा। उस क्रम में वह नाले में गिर पड़ा। तब वह खोजते हुए वहां पहुंचा और उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले आया। 

गोली लगने से बहा काफी खून, छाती भी क्षतिग्रस्त

इधर, सदर अस्पताल में इलाज कर रहे  सर्जन डाक्टर विकास सिंह ने बताया कि खलासी को गोली दाहिने साइड सीने में लगी है। उस कारण काफी खून बह गया था। उसका दाहिने साइड का छाती क्षतिग्रस्त हो गया है। ऑपरेशन कर बुलेट निकाल दिया गया है और क्षतिग्रस्त पार्ट्स को रिपेयर कर दिया गया है। मरीज की स्थिति बिल्कुल स्टेबल है।