भोजपुर: काफी मात्रा में हथियार के साथ अंतर जिला कुख्यात सहित दो अपराध कर्मी गिरफ्तार

भोजपुर: काफी मात्रा में हथियार के साथ अंतर जिला कुख्यात सहित दो अपराध कर्मी गिरफ्तार
फाइल फोटो

सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के पनवारी गांव से शनिवार की शाम दो घरों से पकड़े गये दोनों अपराधी कर्मी 

बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए हथियार रखने की सूचना पर पहुंची पुलिस को मिली सफलता 

दो एकनाली बंदूक, एक दुनाली बंदूक, एक कट्टा, दो गोली, 12 खोखा और दो मोबाइल बरामद 

गिरफ्तार अपराधियों में एक पूर्व से ही हत्या और डकैती सहित तीन मामलों में आरोपित 

केटी न्यूज/आरा

भोजपुर पुलिस को शनिवार की शाम अपराधियों की गिरफ्तारी और अवैध हथियार की बरामदगी में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस द्वारा अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक अंतरजिला कुख्यात बदमाश सहित पांच अपराध कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से काफी मात्रा में हथियार, गोली और खोखे बरामद किये गये हैं। सबसे बड़ी सफलता सिकरहट्टा थाने की पुलिस को मिली है।

पुलिस द्वारा पनवारी गांव में छापेमारी कर भोजपुर व बक्सर के कुख्यात सहित दो अपराध कर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। उनमें पनवारी गांव निवासी अनिश कुमार उर्फ मनीष कुमार और शत्रुघ्न पासी शामिल हैं। शत्रुघ्न पासी के घर से दो एकनाली, एक दुनाली बंदूक खोखा, गोली और अनिश कुमार उर्फ मनीष कुमार के घर से एक कट्टा और गोली बरामद किया गया। दोनों के मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है। एसपी नीरज कुमार सिंह की ओर से रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी गयी।

उन्होंने बताया कि पीरो एसडीपीओ राहुल सिंह को शनिवार की शाम सूचना मिली कि पनवारी गांव निवासी शत्रुघ्न पासी के घर अवैध हथियार है। वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाला है। उस पर एसडीपीओ द्वारा टीम गठित कर अपने नेतृत्व में पनवारी गांव में छापेमारी की गयी। उस दौरान शत्रुघ्न पासी के घर से एकनाली व दोनाली तीन बंदूक, गोली और 15 खोखे बरामद किए गये। बाद में उसकी निशानदेही पर अनिश कुमार उर्फ मनीष कुमार के घर से एक देसी कट्टा और गोली बरामद किया गया।

उसे गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बताया कि अनिश कुमार उर्फ मनीष कुमार अंतरजिला कुख्यात अपराध कर्मी है। उसके खिलाफ भोजपुर और बक्सर जिले में कई मामले दर्ज हैं। वह कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया है। सिकरहट्टा थाने में  उसके खिलाफ पूर्व से हत्या व डकैती सहित तीन मामले दर्ज हैं। हथियार की बरामदगी मामले में दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

दोनों से हथियार के बारे में पूछताछ भी की गयी। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार कहां और किनसे खरीदे गये थे। टीम डिजिटल सिकरहट्टा थानाध्यक्ष रौशन कुमार, दारोगा प्रफुल्ल कुमार, ट्रेनी दारोगा विवेक कुमार और एएसआई मुकेश कुमार सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे। 

लूट पाट की बड़ी घटना को अंजाम देने की इनपुट पर पुलिस की छापेमारी 

अंतर जिला कुख्यात अनिश कुमार उर्फ मनीष सहित दो अपराधियों की गिरफ्तारी से लूटपाट की बड़ी घटना होने से बच गयी। बताया जा रहा है कि अनिश कुमार उर्फ मनीष लूट की बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश कर रहा था। उसके लिए ही उसने हथियार जुटा रखा था। एसडीपीओ राहुल सिंह को शनिवार को शाम इनपुट मिली, तो वह एक्टिव मोड में आ गए और उसकी गिरफ्तारी की जाल बिछाया गया।

उस क्रम में पुलिस को शत्रुघ्न पासी के घर हथियार रखे जाने की सूचना मिली। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने शत्रुघ्न पासी के घर छापेमारी की, तो वहां तीन हथियार, गोली और खोखे बरामद किये गये। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया हथियार उसके दोस्त अनिश कुमार उर्फ मनीष कुमार के हैं। उस आधार पर पुलिस ने मनीष कुमार उर्फ अनिश कुमार के घर छापेमारी कर उसे दबोच लिया। उसके घर से भी एक देसी कट्टा और गोली मिला।