अपराध नियंत्रण में डुमरांव पुलिस की सक्रियता रंग लाई, एसडीपीओ पोलस्त कुमार को मिला सम्मान
डुमरांव अनुमंडल में अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई को लेकर पुलिस की सक्रियता अब जिला स्तर पर भी सराहना का विषय बन गई है। इसी कड़ी में जिले की क्राइम मीटिंग के दौरान बेहतर कार्यशैली और प्रभावी पुलिसिंग के लिए डुमरांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पोलस्त कुमार को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए उनके नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।
__ क्राइम मीटिंग में एसपी शुभम आर्य ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, टीमवर्क और त्वरित कार्रवाई की सराहना
केटी न्यूज/डुमरांव :
डुमरांव अनुमंडल में अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई को लेकर पुलिस की सक्रियता अब जिला स्तर पर भी सराहना का विषय बन गई है। इसी कड़ी में जिले की क्राइम मीटिंग के दौरान बेहतर कार्यशैली और प्रभावी पुलिसिंग के लिए डुमरांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पोलस्त कुमार को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए उनके नेतृत्व में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की।दरअसल, हाल के दिनों में डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र में कई आपराधिक मामलों में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की है।

कई मामलों के त्वरित निष्पादन और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के कारण क्षेत्र में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। पुलिस की इसी सक्रियता, समन्वय और तत्परता को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने एसडीपीओ को सम्मानित किया।क्राइम मीटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कहा कि डुमरांव अनुमंडल पुलिस की कार्यशैली अन्य पुलिस पदाधिकारियों के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, अपराधियों की गिरफ्तारी तथा मामलों के शीघ्र निष्पादन में पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य किया है। टीम के बेहतर समन्वय और सक्रियता के कारण कई मामलों में त्वरित और सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिससे आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।एसपी ने यह भी कहा कि पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को इसी तरह प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए, ताकि जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

उन्होंने डुमरांव अनुमंडल की पुलिस टीम को भी इसी तरह लगातार बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।सम्मान मिलने के बाद एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानों की पुलिस टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा कि थानाध्यक्षों, पुलिस पदाधिकारियों, जवानों और चौकीदारों के बीच बेहतर तालमेल और आपसी सहयोग के कारण ही पुलिस टीम प्रभावी ढंग से काम कर पा रही है।उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आम जनता की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। आने वाले समय में भी डुमरांव अनुमंडल पुलिस इसी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करती रहेगी, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रहे और लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके।

