सरपंच की हत्या पर फूटा जनप्रतिनिधियों का आक्रोश, शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा कक्ष में शनिवार को प्रखंड सरपंच संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के सरपंचों ने कानून-व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड सरपंच संघ के अध्यक्ष फुटुचंद सिंह ने की।

सरपंच की हत्या पर फूटा जनप्रतिनिधियों का आक्रोश, शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

केटी न्यूज/राजपुर: 

प्रखंड मुख्यालय स्थित सभा कक्ष में शनिवार को प्रखंड सरपंच संघ की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के सरपंचों ने कानून-व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर गंभीर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड सरपंच संघ के अध्यक्ष फुटुचंद सिंह ने की।बैठक में कुकुढ़ा पंचायत के चिलबिला गांव के सरपंच सुभाष यादव की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने इस घटना को लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सरपंचों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं पंचायत प्रतिनिधियों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर रही हैं।

बैठक में सर्वसम्मति से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से हत्याकांड के सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच की मांग की गई। सरपंचों ने कहा कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो पूरे प्रखंड के पंचायत प्रतिनिधि एकजुट होकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे। जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।बैठक में पंचायत स्तर पर कानून-व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की भी मांग उठाई गई। सरपंचों ने कहा कि अपराधियों का मनोबल तोड़ने के लिए पुलिस को त्वरित कार्रवाई करनी होगी, ताकि आम लोगों और जनप्रतिनिधियों में सुरक्षा का विश्वास कायम हो सके।बैठक में ललन सिंह, शंभूनाथ मिश्र, ओम प्रकाश सिंह, उपेंद्र पासवान, परशुराम राम, आरती कुमारी, योगेंद्र चौहान, रमेश राम सहित विभिन्न पंचायतों के सरपंच एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।