करंट की चिंगारी ने उजाड़ा आशियाना, किराना दुकान जलकर खाक

डुमरांव अनुमंडल के नया भोजपुर स्थित पकवा इनार चौक पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की पूरी मेहनत को राख में बदल दिया। शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने सुरेश हलवाई की किराना दुकान को देखते ही देखते अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।

करंट की चिंगारी ने उजाड़ा आशियाना, किराना दुकान जलकर खाक

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव अनुमंडल के नया भोजपुर स्थित पकवा इनार चौक पर बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की पूरी मेहनत को राख में बदल दिया। शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने सुरेश हलवाई की किराना दुकान को देखते ही देखते अपनी चपेट में ले लिया, जिससे लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर सुरेश हलवाई अपने घर की ऊपरी मंजिल पर चले गए थे। इसी बीच अचानक दुकान से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटें तेज हो गईं। जब तक परिवार के लोग नीचे पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और उसे काबू करना मुश्किल हो गया।

सूचना मिलते ही डुमरांव फायर स्टेशन से अग्निशमन की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण तो पा लिया, लेकिन तब तक दुकान में रखा करीब 25 लाख रुपये से अधिक का सामान पूरी तरह जल चुका था। किराना और खाद्य सामग्री से भरी दुकान अब सिर्फ राख का ढेर बनकर रह गई है।इस हादसे का असर सिर्फ आर्थिक नहीं रहा, बल्कि मानवीय संकट भी सामने आया। आग से उठे घने धुएं के कारण ऊपर घर में मौजूद परिवार के कई सदस्य बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत और मुआवजा देने की मांग की है। फिलहाल, एक चिंगारी ने वर्षों की मेहनत को खत्म कर परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।