एक सप्ताह बाद फिर बढ़ने लगा गंगा का जलस्तर, अलर्ट हुआ प्रशासन

एक सप्ताह बाद फिर बढ़ने लगा गंगा का जलस्तर, अलर्ट हुआ प्रशासन

बुधवार की रात से एक सेमी प्रतिघंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है जलस्तर

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर में एक बार फिर से गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है। बुधवार की रात से ही प्रतिघंटे एक सेमी की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा है। गुरूवार की सुबह केन्द्रीय जल पार्षद ने जलस्तर को 55.810 मीटर रिकार्ड किया है। जबकि बुधवार की सुबह जलस्तर 55.700 मीटर था। पिछले 24 घंटे में पानी 110 सेमी बढ़ा है। बता दें कि 27 जुलाई से पानी लगातार घट रहा था।

लेकिन बुधवार की रात पानी बढ़ना फिर से शुरू हो गया है। जिससे जिले में बाढ़ का खतरा एक बार फिर से बन गया है। इसे देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया है। बक्सर सदर एसडीओ धीरेन्द्र कुमार मिश्र ने बताया कि प्रशासन द्वारा हर जरूरी तैयारी कर ली गई है। बाढ़ आने पर प्रभावित क्षेत्र के लोगों के

अस्थायी बसेरा, उनके भोजन पानी तथा दवा के साथ ही पशुचारें तक की व्यवस्था भी की गई है। सदर एसडीएम ने कहा कि प्रशासन बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए तैयार है। 

पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद बढ़ रहा है जल स्तर

बता दें कि पिछले सप्ताह भर से पहाड़ी क्षेत्रों भारी बारिश हो रही है। वही उतराखंड में बादल भी फटा था। जिस कारण जलस्तर बढ़ रहा है। बाढ़ आने पर बक्सर अनुमंडल के सदर और चौसा प्रखंडो के साथ ही सिमरी, चक्की व ब्रह्मपुर के दियारे इलाके में भारी तबाही मचती है। जिस कारण गंगा के तटीय इलाकों के लोग सहमें हुए है। हालांकि अभी गंगा चेतावनी बिंदू से 3 मीटर से अधिक नीचे है। बता दें कि चेतावनी बिंदू 59.32 मीटर है। 

सहमें हुए है दियारे इलाके के किसान

इस बार शुरू से ही गंगा के जलस्तर की वृद्धि को देखते हुए तटीय इलाके के किसान सहमें हुए है। यही कारण है कि दियारा क्षेत्र के अधिकांश खेत परती पड़े है। किसानों ने भदई फसलों की खेती नहीं की है। किसानों को ऐसी आशंका है कि इस बार बाढ़ आएगी। नैनीजोर के किसान सरोज तिवारी, नियाजीपुर के त्रिलोकी पाठक, गंगौली के मनोज ठाकुर आदि ने बताया कि बाढ़ की आशंका को देखते हुए दियारे में भदई फसलों की बुआई नहीं हुई है।