पटना में बीजेपी कैंडिडेट रामकृपाल यादव पर फायरिंग, राजद विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

पटना की पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी रामकृपाल यादव पर शनिवार 1 जून को फायरिंग की गई। जानकारी के मुताबिक, मसौढ़ी से लौटने के दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन पर गोली चलाई। हालांकि, रामकृपाल इस हमले में बाल-बाल बच गए। उनके साथ कार में सवार एक समर्थक को चोट आई है। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।

पटना में बीजेपी कैंडिडेट रामकृपाल यादव पर फायरिंग, राजद विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

केटी न्यूज़, ऑनलाइन डेस्क: पटना।पटना की पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी रामकृपाल यादव पर शनिवार 1 जून को फायरिंग की गई। जानकारी के मुताबिक, मसौढ़ी से लौटने के दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन पर गोली चलाई। हालांकि, रामकृपाल इस हमले में बाल-बाल बच गए। उनके साथ कार में सवार एक समर्थक को चोट आई है। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।

राजद विधायक पर आरोप

रविवार की सुबह टहलने निकले बीजेपी सांसद ने खुद पर हुई फायरिंग को लेकर कहा कि वे हिंसा की राजनीति नहीं करते। 40 सालों में कोई नहीं कह सकता कि उन्होंने किसी को पत्थर मारा हो। रामकृपाल यादव ने राजद विधायक रेखा देवी पर आरोप लगाते हुए पूछा कि वह बूथ के अंदर किस अधिकार से गई थीं। रेखा देवी की तरफ से भी FIR की गई है। यह तो चोरी और सीनाजोरी वाली बात है। मुझ पर फायरिंग की गई और मेरे समर्थक के साथ मारपीट की गई। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करे।

मोदी सरकार की वापसी का दावा

एग्जिट पोल पर रामकृपाल यादव ने कहा कि मोदी जी की सरकार बन रही है। उन्होंने भी निस्वार्थ भाव से जनता की सेवा की है और जनता ने दिल खोलकर आशीर्वाद दिया है।

घटना का विवरण

रामकृपाल यादव ने शनिवार को बताया था कि उन्हें बूथ पर अवैध तरीके से एक महिला विधायक के घुसने की सूचना मिली थी। उसी का निरीक्षण कर लौट रहे थे। इसी दौरान तिनेरी गांव में समर्थकों से मिलने गए थे। अचानक पिंजड़ी गांव के बाहरी इलाके में ही 20 से 25 लोगों ने घेरकर हमला कर दिया। ईंट-पत्थर के अलावा फायरिंग भी की गई। गांव के एक समर्थक ने उन्हें बचाने की कोशिश की। उसे बंदूक के बट से पीटा गया। रामकृपाल यादव ने कहा कि वे हमलावरों को नहीं जानते हैं। आज उनके दो कार्यकर्ताओं पर हमला हुआ है।

पुलिस की कार्रवाई

मसौढ़ी एसडीएम अमित कुमार पटेल ने बताया कि सांसद अपने कुछ समर्थकों के साथ तिनेरी गांव गए थे। चुनाव संपन्न होने के बाद अचानक उन पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया गया, जिसमें वे बाल-बाल बच गए। लेकिन, उनके साथ चल रहे दो व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।

हमलावरों की पहचान की जा रही है

पटना पूर्वी एसपी भरत सोनी ने बताया कि पटना-जहानाबाद रोड पर तिनेरी गांव के पास रामकृपाल यादव के काफिले पर हमले की सूचना मिली थी। कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं। रामकृपाल यादव की ओर से आवेदन दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे, वह आपसे साझा करूंगा। इस मामले में जो भी आरोपी हैं, उनकी पहचान की जा रही है। सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एफआईआर में 9 लोगों का नाम

एसएसपी राजीव मिश्रा ने बताया कि आवेदन में उल्लेख है कि उनके काफिले पर हमला किया गया। इस दौरान गोली चलाई गई है। आवेदन के आधार पर FIR दर्ज किया गया है। बाकी सारे बिंदु अनुसंधान के क्रम में स्पष्ट किए जाएंगे। FIR में 9 प्राथमिकी अभियुक्तों का उल्लेख है। घटना 7:30 के बाद की है। उसके पूर्व 6 बजे ही मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो चुका था। ईवीएम भी सुरक्षित रूप से वहां से जा चुका था।

चार राउंड फायरिंग

रामकृपाल यादव के पीए रणधीर कुमार ने बताया कि चुनाव संपन्न होने के बाद तिनेरी गांव से निकलकर जमालपुर गांव जा रहे थे। इसी क्रम में गोपालपुर मठ के नजदीक उनकी गाड़ी के सामने कुछ युवक हथियार लेकर पहुंच गए और फायरिंग शुरू कर दी। चार राउंड फायरिंग की गई है, जिसमें सांसद बाल-बाल बच गए हैं। उन्होंने बताया कि गाड़ी के पीछे बाइस से आ रहे समर्थकों पर भी ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसमें दो युवक घायल हुए हैं। सांसद रामकृपाल यादव सुरक्षित हैं और पटना के गौरिया मठ स्थित अपने घर सुरक्षित पहुंच गए हैं। रणधीर कुमार ने बताया कि घटना के बाद सांसद की ओर से मसौढ़ी थाने में लिखित शिकायत की गई है।