बीडीओ के आश्वासन के बाद खत्म हुआ पूर्व पार्षद धीरज का भूख हड़ताल

बीडीओ के आश्वासन के बाद खत्म हुआ पूर्व पार्षद धीरज का भूख हड़ताल
पूर्व पार्षद को जूस पिलाते बीडीओ

- नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार, लूट खसोट के खिलाफ किया था भूख हड़ताल

केटी न्यूज/डुमरांव : नगर परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार मनमानी तानाशाही तथा लूट खसोट के खिलाफ पिछले 24 घंटे से जारी पूर्व वार्ड पार्षद धीरज कुमार का भूख हड़ताल खत्म हो गया। दूसरे दिन प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने जूस पिलाकर भूख हड़ताल को खत्म कराया। भूख हड़ताल पर बैठे धीरज कुमार ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को सौपे गए ज्ञापन में पूर्व के 11 सूत्री मांगों के अलावे शहर में वेंडिंग जोन का निर्माण तत्काल कराने टीवीसी का गठन तथा गांधी स्मारक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा लगाने की मांग की है। पूर्व पार्षद धीरज कुमार का कहना है कि अगर जनहित से जुड़े मांगों पर प्रशासन द्वारा विचार नहीं किया गया तो नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के खिलाफ शुरू किया गया चरणबद्ध आंदोलन और अधिक तेज होगा। उन्होंने कहा कि अगले दौर में काला दिवस मनाते हुए पूरे शहर में घर-घर घूम कर जन जागरण अभियान तथा थाली तसली पीटो अभियान चलाया जाएगा। भूख हड़ताल समापन करने से पूर्व अपने संबोधन में धीरज ने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार द्वारा योगदान के दिन से किए गए संपूर्ण कार्य की जांच निगरानी विभाग से होनी चाहिए। उधर प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी कुमार पंकज के निर्देश पर भूख हड़ताल समाप्त कराने आए हैं। प्राप्त ज्ञापन अनुमंडल पदाधिकारी को दिया जाएगा। कोशिश होगी कि समस्याओं का त्वरित समाधान हो। भूख हड़ताल स्थल पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नगर परिषद के भ्रष्टाचार का चित्रण किया गया। कार्यक्रम स्थल पर वार्ड संख्या 23 के नौजवानों ने नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया।