आई ई एस एम बक्सर जिलाध्यक्ष हरेंद्र तिवारी ने दिल्ली में बढ़ाया संगठन का सम्मान

बक्सर के पूर्व सैनिक संगठन आई ई एस एम (इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट) के जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने संगठन का मान बढ़ाते हुए दिल्ली में आई ई एस एम के चेयरमैन मेजर जनरल सतबीर सिंह, सेना मेडल से भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने बक्सर जिला इकाई की ओर से चेयरमैन साहब को अंगवस्त्र, बुके और माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

आई ई एस एम बक्सर जिलाध्यक्ष हरेंद्र तिवारी ने दिल्ली में बढ़ाया संगठन का सम्मान

-- चेयरमैन मेजर जनरल सतबीर सिंह सहित पदाधिकारियों का किया सम्मान, बक्सर आने का मिला आश्वासन

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर के पूर्व सैनिक संगठन आई ई एस एम (इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट) के जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने संगठन का मान बढ़ाते हुए दिल्ली में आई ई एस एम के चेयरमैन मेजर जनरल सतबीर सिंह, सेना मेडल से भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने बक्सर जिला इकाई की ओर से चेयरमैन साहब को अंगवस्त्र, बुके और माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

इसके साथ ही आई ई एस एम के जनरल सेक्रेटरी लेफ्टिनेंट कामेश्वर पाण्डेय एवं मुख्य लिपिक सूबेदार देवी दयाल को भी अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण के साथ सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में बक्सर जिला की तरफ से संगठन की निष्ठा और सक्रियता का परिचय देते हुए एकता और अनुशासन का सशक्त संदेश दिया गया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस मौके पर बक्सर इकाई से भी सीधा संवाद स्थापित किया गया। इस दौरान मेजर जनरल सतबीर सिंह ने बक्सर आई ई एस एम के कार्यों और सैनिकों की एकजुटता की सराहना की। उन्होंने बक्सर जिले के सभी पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों को अपनी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

संगठन की ओर से चेयरमैन को बक्सर आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया गया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। तय किया गया कि उनकी बक्सर यात्रा की तिथि संगठन के चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पाण्डेय और सभी साथियों की सहमति से निर्धारित की जाएगी। जनरल सतबीर सिंह ने आश्वस्त किया कि संगठन के प्रत्येक सदस्य और पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे और हरसंभव सहायता प्रदान करेंगे।

इस प्रेरणादायक और संगठन को गौरवान्वित करने वाले कार्य के लिए जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी को संगठन के सभी सदस्यों ने बधाई दी। सभी ने एक स्वर में कहा कि उनके नेतृत्व में बक्सर आई ई एस एम निरंतर नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस अवसर पर संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे और उन्होंने इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया। जिलाउपाध्यक्ष विद्यासागर चौबे ने कहा कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे बक्सर जिले के सैनिक समाज का सम्मान है।