बक्सर में अवैध ट्रक एंट्री गिरोह का भंडाफोड़, पुलिस ने दो को दबोचा
बक्सर पुलिस ने अवैध ट्रक एंट्री से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह कथित रूप से विभागीय मिलीभगत से ओवरलोड ट्रकों को बिना वैध कागजात के शहर से बाहर भेजने का काम करता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन और दो मोबाइल भी बरामद किए हैं। मामले में नगर थाना में कांड संख्या 139/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
__ ओवरलोड ट्रकों को बिना वैध कागजात शहर से बाहर कराने का था खेल, मोबाइल से खुला गिरोह का राज
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर पुलिस ने अवैध ट्रक एंट्री से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह कथित रूप से विभागीय मिलीभगत से ओवरलोड ट्रकों को बिना वैध कागजात के शहर से बाहर भेजने का काम करता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो वाहन और दो मोबाइल भी बरामद किए हैं। मामले में नगर थाना में कांड संख्या 139/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 11 मार्च को सूचना मिली थी कि एक काले रंग की बोलेरो के माध्यम से अवैध ट्रक एंट्री गिरोह सक्रिय है। गिरोह से जुड़े लोग ओवरलोड ट्रकों को बिना वैध कागजात के शहर से बाहर निकलवाने का काम कर रहे हैं।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया।गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना का सत्यापन शुरू किया। इसी दौरान आईटीआई मैदान के पास संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने पीछा करते हुए काफी मशक्कत के बाद वाहन को कांतिन गेट के समीप रोक लिया।वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सवार दो युवकों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।

इसके बाद पुलिस ने उनके मोबाइल फोन की गहन जांच की, जिसमें ‘बक्सर मोबाइल एसआई ग्रुप’ नामक व्हाट्सएप ग्रुप सक्रिय पाया गया। जांच में सामने आया कि इस ग्रुप के माध्यम से अवैध ट्रक एंट्री से संबंधित गतिविधियों की सूचना साझा की जाती थी।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नवकाटपुर निवासी चंद्रहास सिंह के पुत्र गंगाधर सिंह और मिश्रवलिया निवासी तेजनारायण सिंह के पुत्र भरत सिंह के रूप में हुई है। दोनों के मोबाइल में मिले चैट और संपर्कों के आधार पर पुलिस को इस गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी मिली है।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि ओवरलोड ट्रकों को बिना वैध कागजात के सुरक्षित तरीके से शहर से बाहर भेजने में इन दोनों की अहम भूमिका थी। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने में जुट गई है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।पुलिस का कहना है कि अवैध ट्रक एंट्री और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस पूरे ऑपरेशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर गौरव पांडेय, नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

