फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर 11 फरवरी को जिलेभर में मेगा दवा सेवन शिविर

जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर 11 फरवरी को जिलेभर में मेगा दवा सेवन शिविर

-- डीएम की अध्यक्षता में समन्वय बैठक, सभी विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी

केटी न्यूज/बक्सर

जिले में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वजन दवा सेवन कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में बताया गया कि बिहार राज्य में फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए फरवरी के दौरान चरणबद्ध रूप से सर्वजन दवा सेवन अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 10 फरवरी से 26 फरवरी तक संचालित होगा। इसी क्रम में बक्सर जिले में 11 फरवरी को विशेष “मेगा अभियान” दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है।

-- गांव-गांव एक दिन में दवा सेवन का लक्ष्य

मेगा शिविर मॉडल के तहत जिले के प्रत्येक गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पर एक ही दिन में अधिकतम लाभार्थियों को दवा सेवन कराया जाएगा। विशेष रूप से जीविका दीदियों एवं उनके परिवार के सदस्यों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। दवा सेवन पूरी तरह प्रत्यक्ष निगरानी में कराया जाएगा, ताकि कोई भी लाभार्थी दवा लेने से वंचित न रहे। साथ ही, दवा सेवन के बाद किसी भी प्रकार की प्रतिकूल प्रतिक्रिया से निपटने के लिए समुचित प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

-- विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी

स्वास्थ्य विभाग को दवाओं की उपलब्धता, पंजी एवं प्रतिवेदन प्रपत्र की व्यवस्था, आशा कार्यकर्ताओं की प्रतिनियुक्ति एवं पूर्व प्रशिक्षण, त्वरित प्रतिक्रिया दल की तैनाती तथा दैनिक प्रगति प्रतिवेदन जिला स्तर पर उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।एकीकृत बाल विकास सेवा विभाग को आंगनबाड़ी केंद्रों पर बैठने, पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्था तथा लाभार्थियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।जीविका के माध्यम से स्वयं सहायता समूह सदस्यों एवं उनके परिवारों को जागरूक कर समूहवार उपस्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई।पंचायती राज संस्थाओं को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से समुदाय को प्रेरित करने, भीड़ प्रबंधन एवं अफवाहों के निराकरण का दायित्व सौंपा गया। प्रखंड प्रशासन को सभी विभागों के बीच समन्वय, तैयारियों की समीक्षा एवं आवश्यक प्रशासनिक सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश मिला। शिक्षा विभाग को शिक्षकों के माध्यम से समुदाय और अभिभावकों को जागरूक करने में सहयोग देने को कहा गया।

-- लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के संकेत

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिविर समय पर प्रारंभ हों, दवा सेवन की निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा फोटो एवं वीडियो के माध्यम से दस्तावेजीकरण किया जाए। किसी भी प्रतिकूल घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित पदाधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि मेगा दवा सेवन शिविर को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि जिले को फाइलेरिया मुक्त बनाने की दिशा में ठोस प्रगति हो।