डुमरांव व कोरानसराय में चोरी की बाइक के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार, जेल

बाइक चोरी के खिलाफ अनुमंडल के डुमरांव व कोरानसराय पुलिस को सफलता हाथ लगी है। दोनों थानों की पुलिस ने अपने-अपने थाना क्षेत्र में चोरी की बाइक के साथ एक-एक चोरों को गिरफ्तार किया है।

डुमरांव व कोरानसराय में चोरी की बाइक के साथ दो शातिर चोर गिरफ्तार, जेल

-- डुमरांव पुलिस को जंगलीनाथ शिवमंदिर रोड से जबकि कोरान सराय पुलिस को कनझरूआ जंगल डेरा से मिली सफलता, पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/डुमरांव

बाइक चोरी के खिलाफ अनुमंडल के डुमरांव व कोरानसराय पुलिस को सफलता हाथ लगी है। दोनों थानों की पुलिस ने अपने-अपने थाना क्षेत्र में चोरी की बाइक के साथ एक-एक चोरों को गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार डुमरांव पुलिस ने नगर के जंगलीनाथ शिवमंदिर रोड से चोरी की बाइक के साथ एक शातिर चोर को पकड़ा है। आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार चोर की पहचान डुमरांव के लालगंज कड़वी निवासी सुनील कुमार राय उर्फ गोलू पिता जनार्दन राय के रूप में हुई है। उसके पास से चोरी की हीरो स्पलेंडर प्लस बाइक बरामद हुई है। 

थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि 11 जनवरी के पूर्वी रेलवे क्रासिंग के समीप स्थित ट्रामा सेंटर के बाहर से कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के कठार खुर्द गांव निवासी अमन कुमार सिंह की बाइक चोरी हो गई थी। अमन ने इस मामले में डुमरांव थाने में अज्ञात चोरों क खिलाफ एफआईआर दर्ज कराया था। एफआईआर दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान बुधवार की शाम सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक लेकर जंगलीनाथ शिवमंदिर की तरफ जा रहा है। इस सूचना पर तत्काल एक टीम गठित कर उसे पकड़ा गया। 

थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार सुनील शातिर चोर है तथा उसका अपराधिक रिकार्ड है। वह चोरी के मामले में पूर्व में दो बार जेल जा चुका है। वहीं, स्थानीय सूत्रों का कहना है कि वह मादक पदार्थाे का आदि है तथा नशे की लत पूरा करने के लिए अक्सर चोरियां करता है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गुरूवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस उससे पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

-- पिछले साल बलिया से चोरी हुई बाइक कोरानसराय से बरामद

दूसरी तरफ कोरानसराय पुलिस ने थाना क्षेत्र के कनझरूआं जंगल डेरा से चोरी की एक बाइक के साथ एक चोर को पकड़ा है। गिरफ्तार चोर की पहचान स्थानीय गांव निवासी दिलीप कुमार यादव के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष माधुरी कुमारी ने बताया कि यह बाइक यूपी के बलिया भगवानपुर निवासी शशि कुमार की है, जिसे दिलीप ने पिछले साल ही चुराया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि वे किसी मामले में छापेमारी करने गई थी, इसी दौरान उसके घर बिना नंबर की बाइक देख शक हुआ तथा चेचिस नंबर से पड़ताल की गई तो जानकारी मिली कि यह बाइक चोरी की है। जिसके बाद दिलीप को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।