अहिरौली में मिशन शक्ति जागरूकता अभियान, महिलाओं को अधिकारों व योजनाओं की दी जानकारी

अति पिछड़ा वर्ग बहुल क्षेत्र अहिरौली वार्ड संख्या-02, प्रखंड बक्सर में मिशन शक्ति अंतर्गत संचालित जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन द्वारा मासिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा कानूनों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।

अहिरौली में मिशन शक्ति जागरूकता अभियान, महिलाओं को अधिकारों व योजनाओं की दी जानकारी

__  जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन की टीम ने हेल्पलाइन नंबर, महिला सुरक्षा कानून और सरकारी योजनाओं पर किया संवाद

केटी न्यूज/बक्सर

अति पिछड़ा वर्ग बहुल क्षेत्र अहिरौली वार्ड संख्या-02, प्रखंड बक्सर में मिशन शक्ति अंतर्गत संचालित जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन द्वारा मासिक जागरूकता कार्यक्रम के तहत प्रचार-प्रसार अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा कानूनों तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था।अभियान के दौरान मिशन शक्ति योजना की उप योजनाओं ‘संबल’ एवं ‘सामर्थ्य’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित महिलाओं को बताया गया कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त बनाना है। साथ ही उन्हें सरकारी सहायता, प्रशिक्षण, परामर्श एवं अन्य सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की भी जानकारी दी गई। महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा राष्ट्रीय साइबर क्राइम शिकायत हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया गया। टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, ऑनलाइन ठगी या घरेलू हिंसा की स्थिति में महिलाएं इन सेवाओं का लाभ उठा सकती हैं।इस दौरान लैंगिक भेदभाव, बाल विवाह, दहेज प्रथा, पॉक्सो अधिनियम तथा घरेलू हिंसा जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर भी चर्चा की गई। टीम ने कहा कि समाज में महिलाओं के सम्मान और समान अधिकार के लिए जागरूकता जरूरी है। महिलाओं को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और कानूनी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन कार्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया गया कि यहां महिलाओं को परामर्श, मार्गदर्शन, शिकायत निवारण तथा विभिन्न योजनाओं से जोड़ने की सुविधा उपलब्ध है।कार्यक्रम में महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया गया। उन्हें घर की सीमाओं से बाहर निकलकर शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। उपस्थित पुरुषों से भी अपील की गई कि वे अपने परिवार की महिलाओं को सरकारी योजनाओं और अधिकारों के प्रति जागरूक करें।जागरूकता अभियान के दौरान लैंगिक विशेषज्ञ शिवांगी, महिला प्रवेशिका लीलावती देवी एवं मुकेश कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।