बिजली संकट पर विधायक की सख्ती रंग लाई, राजपुर के जेई निलंबित
राजपुर क्षेत्र में लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति को लेकर उठे जनाक्रोश के बाद बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजपुर विद्युत आपूर्ति प्रशाखा में पदस्थापित कनीय विद्युत अभियंता (जेई) रौशन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

केटी न्यूज/राजपुर
राजपुर क्षेत्र में लगातार बाधित हो रही विद्युत आपूर्ति को लेकर उठे जनाक्रोश के बाद बिजली विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजपुर विद्युत आपूर्ति प्रशाखा में पदस्थापित कनीय विद्युत अभियंता (जेई) रौशन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। विभागीय जांच में प्रथम दृष्टया कार्य में लापरवाही और कर्तव्य निर्वहन में कमी पाए जाने के बाद यह कदम उठाया गया।साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा जारी आदेश के अनुसार मई माह के दौरान राजपुर प्रशाखा के अंतर्गत आने वाले बन्नी और बसही फीडरों की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की गई।

जांच में पाया गया कि इन फीडरों में बिजली बहाली और आपूर्ति संचालन में अपेक्षित स्तर का प्रदर्शन नहीं हुआ, जिससे उपभोक्ताओं को लंबे समय तक परेशानी झेलनी पड़ी। इसके आधार पर संबंधित अधिकारी को जिम्मेदार मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई।बताया जाता है कि क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और आपूर्ति संबंधी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला से शिकायत की थी। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ऊर्जा विभाग को लिखित रूप से अवगत कराया था। इसके बाद विभागीय स्तर पर जांच कराई गई, जिसके आधार पर यह कार्रवाई सामने आई है।

निलंबन अवधि के दौरान रौशन कुमार का मुख्यालय विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, शेरघाटी निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार केवल जीवन-यापन भत्ता मिलेगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई आगे चलने वाली विभागीय अनुशासनात्मक प्रक्रिया से स्वतंत्र रहेगी।हालांकि, स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि कई विद्युत उपकेंद्रों में पर्याप्त मानव संसाधन और तकनीकी उपकरणों की कमी बनी हुई है। ऐसे में आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आधारभूत संसाधनों को मजबूत करने की आवश्यकता भी महसूस की जा रही है। विभाग की इस कार्रवाई के बाद बिजली महकमे में जवाबदेही को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

