प्रशिक्षण से निखरी संगीत प्रतिभाएं, छह छात्राओं को मिला प्रमाण पत्र
buxar
केटी न्यूज/डुमरांव।
स्थानीय हरिजी के हाता स्थित बिस्मिल्लाह खां संगीत एकेडमी में आयोजित एक सप्ताह के प्रशिक्षण शिविर का समापन प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान करने के साथ हुआ। शिविर में छह छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को संगीत की बारीकियों और शास्त्रीय संगीत के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया।

एकेडमी की प्राचार्या कुमारी सुमन ने बताया कि भारत सरकार के अधीन संचालित नेहरू युवा केन्द्र से संबद्ध बिस्मिल्लाह खां संगीत एकेडमी की स्थापना वर्ष 2016 में हुई थी। स्थापना के बाद से संस्था की ओर से लगातार विभिन्न सांस्कृतिक एवं संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। हालांकि, पहली बार एक सप्ताह का औपचारिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को संस्था की ओर से प्रमाण पत्र भी दिया गया।

उन्होंने बताया कि एकेडमी में मुख्य रूप से हारमोनियम और शास्त्रीय संगीत का प्रशिक्षण दिया जाता है। यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले विद्यार्थी आगे प्रभाकर कोर्स भी कर सकते हैं। संस्था का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर संगीत के प्रति रुचि रखने वाले युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करना है।

एकेडमी के निदेशक डॉ. बीएल प्रवीण ने कहा कि संगीत के क्षेत्र में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उन्हें सही दिशा और मार्गदर्शन देने की है। उन्होंने बताया कि भारतरत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां के नाम पर संचालित इस एकेडमी का उद्घाटन उनके कनिष्ठ पुत्र एवं प्रसिद्ध तबला वादक उस्ताद नाजिम खां ने किया था। स्थापना के बाद से संस्था लगातार उभरती प्रतिभाओं को निखारने में जुटी है।

योग प्रशिक्षक एवं नेहरू युवा केन्द्र, बक्सर के पूर्व एनवाईसी डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 से नेहरू युवा केन्द्र का नाम बदलकर ‘मेरा युवा भारत’ कर दिया गया है। हालांकि युवाओं के विकास और प्रतिभा को मंच देने से जुड़े कार्यक्रमों में मूल उद्देश्य बरकरार है। समापन समारोह में सुजाता कुमारी, जया कुमारी, क्षमा कुमारी, रीमा कुमारी, निशा कुमारी और चांदनी कुमारी को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
