- लुटेरे के पास से एक देशी कट्टा और दो गोली बरामद
केटी न्यूज/आरा
जिले के उदवंतनगर थाना की पुलिस ने हथियार के साथ घूम रहे एक कुख्यात लुटेरे को गिरफ्तार किया है। वह उसी थाना क्षेत्र के गड़हा गांव निवासी मधेश यादव का पुत्र बंगाली यादव उर्फ रितेश कुमार है। उसके पास से एक देसी कट्टा और दो गोली बरामद किया गया है। रविवार की रात उसे गड़हा गांव से गिरफ्तार किया गया। वह उदंतनगर थाने के टॉप टेन अपराधियों में शामिल था। उसके खिलाफ उदंतनगर थाने में पूर्व से लूट, डकैती व आर्म्स एक्ट के करीब दर्जन भर मामले दर्ज हैं। वह कुछ मामलों में वांटेड भी था। कुछ दिनों पहले लूट की एक घटना को अंजाम दिया था।

एसपी प्रमोद कुमार यादव ने सोमवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार-सोमवार की रात करीब दो बजे सूचना मिली कि गड़हा गांव में एक व्यक्ति हथियार के साथ घूम रहा है। वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। उसके बाद एएसपी चंद्रप्रकाश के नेतृत्व में टीम गठित की गयी। टीम में शामिल थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा दो गोली बरामद किया गया।

पूछताछ में उसने कुछ दिनों पूर्व लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। एसपी ने बताया कि वह कुख्यात और उदवंतनगर थाने का टॉप टेन अपराधी था। उसकी गिरफ्तारी से लूटपाट की घटनाओं पर रोक लगेगी। उसके पकड़े जाने से एक बड़ी घटना भी टल गयी। यह पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है। वही हथियार बरामदगी के मामले में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था बंगाली :

एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि गड़हा निवासी बंगाली यादव उर्फ रितेश कुमार का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ अब तक सिर्फ उदंतनगर थाने में करीब दर्जन भर लूट के मामले दर्ज हैं। वह हाल में ही जमानत पर आया था। उसके बाद लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। वह जब भी जेल से बाहर आता है, तब आपराधिक वारदात खासकर लूट और छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता है। उन्होंने बताया कि पकड़े गये अपराधी ने कुछ दिन पूर्व लूट की एक घटना को अंजाम दिया था।

तब उसने बाइक सवार एक राहगीर से पैसे छीन लिया था। उस मामले में उसकी तलाश की जा रही थी। सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान की गयी थी। पकड़े जाने के बाद उसने घटना में शामिल होने की बात भी स्वीकार भी किया है। बताया जा रहा है कि तीन माह पूर्व भी उदवंतनगर पुलिस द्वारा बंगाली यादव उर्फ रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया था। उस समय वह थाने से भाग गया था। हालांकि बाद में पुलिस की दबिश के कारण उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। कुछ दिन पहले ही बेल पर जेल से बाहर आया था।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।