होली पर युवाओं और बच्चों ने फगुआ गीतों पर मचाया धमाल
सईया से बेजोड़ लागे देवरा, होली में गाल छूके गोड़ लागे देवरा। होली आई रे, आई होली आई। झाल-ढोलक व लाउडस्पीकर के धुन पर युवाओं व बच्चों की टोली ने कुर्ताफाड़ होली मनाते हुए खूब धमाल मचाया। इस दौरान युवाओं द्वारा रंगों से सराबोर करने के लिए रंग और गुलाल का इंतजाम किया गया था।

- पर्व को सतरंगी आभा से महकाने को लेकर खूब उड़ाये अबीर-गुलाल
केटी न्यूज/बक्सर/डुमरांव
सईया से बेजोड़ लागे देवरा, होली में गाल छूके गोड़ लागे देवरा। होली आई रे, आई होली आई। झाल-ढोलक व लाउडस्पीकर के धुन पर युवाओं व बच्चों की टोली ने कुर्ताफाड़ होली मनाते हुए खूब धमाल मचाया। इस दौरान युवाओं द्वारा रंगों से सराबोर करने के लिए रंग और गुलाल का इंतजाम किया गया था।
होली को लेकर जिलेभर में सतरंगी आभा से महकाने के लिए खूब अबीर-गुलाल उड़ाए। युवाओं की टोली सबसे पहले कीचड़ पानी व कुर्ताफाड़ होली खेलने के बाद रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल के महक में समा गए। उहापोह के बीच रंगों का पर्व होली छिटपुट घटनाओं को छोड़ बक्सर जिले में शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गयी। प्रशासन की चुस्ती के बीच लोगों ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगा होली का त्योहार मनाया।
गांव में ढोलकों व झाल की थाप पर युवक नाचते-झूमते दिखें। लोग रंग-गुलाल से सराबोर नजर आए। जगह-जगह टोली बनाकर रंग-गुलाल लगाते होली के गीतों पर झूमते-गाते नजर आते रहे। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों द्वारा झाल-ढोल के साथ गीत प्रस्तुत किया गया जिसका लोगों ने जमकर आनंद उठाया। दिनभर होली की धूम रही। गली-मुहल्ले में युवाओं की टोली एक-दूसरे को अपनों से रंग में रंगने की कोशिश करते रहे।
होली के दिन सुबह से ही रंगों की बौछर शुरू हुई। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया होली की मस्ती भी परवान चढ़ती गयी। रंगों के बौछार से लोगों के साथ सड़क भी रंगीन हो गया। शाम के समय शहरवासियों ने एक-दूसरे के घर जाकर होली कि शुभकामनाएं दी और छोटो ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।
बक्सर के नाथ बाबा मंदिर, रामेश्वरनाथ मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, नौलखा मंदिर के अलावे ब्रह्मपुर के बाबा ब्रह्मेश्वरनाथ शिव मंदिर, डुमरांव के बांके बिहारी मंदिर, काली मंदिर, भगवती मंदिर, डुमरेजनी मंदिर सहित जिलेभर के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना शाम के समय करने के साथ अबीर-गुलाल रख मत्था टेका।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
होली पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किये थे। सभी चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस पदाधिकारी व बलों की तैनाती की गई थी। नियमित गश्ती दल, बाइक पेट्रोलिंग गश्त व डायल 112 चहुंओर भ्रमण करते देखा गया। कुछ सादे लिबास में भी पुलिस असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखे हुए थे।
पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी का आलम यह था कि गड़बड़ी की सूचना मिलते ही पुलिस पल भर में ही पहुंच जाती थी। होली के एक दिन पहले होलिका दहन को लेकर भी पुलिस ज्यादा सक्रिय थी। हरेक होलिका स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे।
सुबह से ही बच्चे जश्न में डूबे
उधर, होली को ले सुबह से ही बच्चे, बूढ़े, जवान और महिलाएं जश्न में डूबे रहे। हर कोई एक दूसरे को रंग-गुलाल लगा मुबारक बाद दे रहे थे। वहीं छोटे बच्चे अपने मित्रों के साथ पिचकारी भर कर खूब रंगों का मजा लिया। कुल मिलाकर होली पर्व शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गया। होली पर्व के दौरान घरों मे पुआ, गुझिया, दहीबड़ा, छोला के अलावे कई लजीज पकवानों का सबों ने स्वाद चखा।