पागल कुत्ते के आतंक से दो गांवों में दहशत, एक दर्जन से अधिक लोग घायल
राजपुर प्रखंड की खरहना पंचायत के डेहरिया और दरियापुर गांव में इन दिनों एक पागल कुत्ते का आतंक ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। कुत्ते ने पिछले कुछ समय में राहगीरों और घरों के बाहर बैठे लोगों को निशाना बनाते हुए एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों को काटकर घायल कर दिया है।

__ सीएचसी में एंटी-रेबीज इंजेक्शन नहीं मिलने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
केटी न्यूज/राजपुर।
राजपुर प्रखंड की खरहना पंचायत के डेहरिया और दरियापुर गांव में इन दिनों एक पागल कुत्ते का आतंक ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। कुत्ते ने पिछले कुछ समय में राहगीरों और घरों के बाहर बैठे लोगों को निशाना बनाते हुए एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों को काटकर घायल कर दिया है। लगातार हो रहे हमलों से दोनों गांवों में भय का माहौल है।कुत्ते के हमले में डेहरिया निवासी देवनारायण पांडेय तथा दरियापुर की खुशी कुमारी, श्याम नारायण राम और कन्नू राम समेत कई लोग घायल हुए हैं। घायलों का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, कुत्ते के आतंक के कारण लोग जरूरी काम से भी अकेले घर से बाहर निकलने से बच रहे हैं। वहीं, गर्मी के कारण रात में घर के बाहर सोने वाले परिवार भी अब अनहोनी की आशंका से परेशान हैं।

घायल ग्रामीण जब एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तो उन्हें कथित तौर पर परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि रविवार को अस्पताल में स्वास्थ्यकर्मी उपलब्ध नहीं थे, जिसके चलते उन्हें बिना इंजेक्शन लगवाए वापस लौटना पड़ा।ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कुत्ते को पकड़ने तथा सीएचसी में एंटी-रेबीज इंजेक्शन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कुत्ते के हमले की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।

