सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पटना निवासी चाचा-भतीजे की मौत

सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पटना निवासी चाचा-भतीजे की मौत
मृतक की फाइल फोटो

सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पटना निवासी चाचा-भतीजे की मौत 

- बर्थडे पार्टी से लौटने के दौरान अज्ञात वाहन ने चाचा-भतीजे को कुचला

- एक ने मौके पर और  दूसरे ने इलाज के दौरान आरा सदर अस्पताल में तोड़ा  दम

केटी न्यूज/आरा

जिले के कोईलवर थाना अंतर्गत आरा-पटना फोरलेन पर मनभावन होटल मोड़ के समीप सड़क दुर्घटना में पटना निवासी चाचा-भतीजे की मौत हो गयी। घटना मंगलवार की देर रात की है। जिसमें तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार चाचा-भतीजे को कुचल डाला। हादसे में चाचा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, वहीं भतीजे ने इलाज के दौरान आरा के सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में पटना के बिहटा थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव निवासी सुनील सिंह का 20 वर्षीय बेटा संजीत कुमार और ददन सिंह का 19 वर्षीय बेटा राहुल कुमार हैं। बताया जा रहा है कि दोनों किसी बर्थडे पार्टी में भाग लेने आरा आये थे। देर रात लौटने के दौरान मनभावन मोड़ के समीप किसी वाहन ने दोनों को रौंद डाला। 

संजीत कुमार के भतीजे दिनेश कुमार ने बताया कि वह राहुल कुमार के साथ मंगलवार की सुबह अपनी बहन के घर भोजपुर के भूपौली गांव गये थे। रात में दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। उसी दौरान फोरलेन पर कोईलवर स्थित मनभावन होटल मोड़ के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जिसमें दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। उसके बाद कोईलवर थाने की पुलिस द्वारा दोनों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया था। चिकित्सक ने संजीत कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। बाद में इलाज के दौरान राहुल कुमार की भी जान चली गई। कोईलवर थाना पुलिस द्वारा रात करीब तीन बजे घटना की सूचना दी गई। उसके बाद परिजन आरा सदर अस्पताल पहुंचे। तब पुलिस द्वारा शवों का पोस्टमार्टम करवाया गया।

इकलौते पुत्र था राहुल, मौत से दोनों घरों में कोहराम  :

सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो युवकों की मौत से उनके घरों में कोहराम मच गया है। देर रात हादसे की खबर मिलते ही रोना-धोना मच गया। परिजन दौड़े-भागे आरा सदर अस्पताल पहुंचे। उससे अस्पताल में काफी देर तक अफरातफरी मची रही। राहुल कुमार इंटर, वहीं संजीत कुमार स्नातक का छात्र था। बताया जा रहा है कि राहुल कुमार अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसके परिवार में मां पूजा देवी, दो बहन माधुरी कुमारी और सपना कुमारी है। इकलौते बेटे की मौत से मां पूजा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं संजीत कुमार अपने दो भाई और दो बहनों में बड़ा था। उसके परिवार में मां नीतू देवी बहन डिम्पी, सिप्पी और भाई को कुराज कुमार है। दोनों घरों की महिलाओं की चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो उठा था।