इंस्टाग्राम ऑर्डर के नाम पर ‘पेमेंट ट्रैप’: डुमरांव की महिला से 75 हजार उड़ाए साइबर ठग
ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के बीच साइबर ठग अब नए-नए हथकंडों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला डुमरांव के शहीद गेट स्थित गुप्ता मार्केट का है, जहां एक महिला से इंस्टाग्राम पर कपड़ा मंगाने के दौरान 75 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़िता डिम्पी गुप्ता ने डुमरांव थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
केटी न्यूज/डुमरांव
ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के बीच साइबर ठग अब नए-नए हथकंडों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताजा मामला डुमरांव के शहीद गेट स्थित गुप्ता मार्केट का है, जहां एक महिला से इंस्टाग्राम पर कपड़ा मंगाने के दौरान 75 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़िता डिम्पी गुप्ता ने डुमरांव थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, 15 फरवरी को महिला ने इंस्टाग्राम के जरिए एक ड्रेस ऑर्डर किया था। डिलीवरी से पहले ही एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया और उसने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि ऑर्डर “पेंडिंग” है।

उसे जारी करने के लिए 75 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम से तत्काल भुगतान करने को कहा गया। बातचीत में झांसे में आई महिला ने बताए गए यूपीआई आईडी पर राशि ट्रांसफर कर दी।रकम भेजने के कुछ ही देर बाद जब महिला ने दोबारा संपर्क करना चाहा तो संबंधित मोबाइल नंबर स्विच ऑफ मिला। तब जाकर ठगी का एहसास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने तुरंत बैंक शाखा और साइबर हेल्पलाइन को सूचित किया, ताकि ट्रांजेक्शन को रोका जा सके।

डुमरांव थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि साइबर सेल के सहयोग से यूपीआई ट्रांजेक्शन और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान कॉल पर ओटीपी या पैसे साझा न करें और ऑनलाइन खरीदारी केवल सत्यापित प्लेटफॉर्म से ही करें।यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि डिजिटल सुविधा के साथ सतर्कता भी बेहद जरूरी है ।

