काराकाट (रोहतास) में पुलिस ने चार वारंटियों को गिरफ्तार किया

काराकाट (रोहतास) में कछवां पुलिस ने थाना क्षेत्र के धनहरा गांव से एक और अमौना गांव से तीन कुल चार वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

केटी न्यूज/ काराकाट (रोहतास)

काराकाट (रोहतास) में कछवां पुलिस ने थाना क्षेत्र के धनहरा गांव से एक और अमौना गांव से तीन कुल चार वारंटियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष मितेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में धनहरा गांव के सुरेंद्र प्रसाद और अमौना गांव के महेश महतो, वीरेंद्र महतो, और विनोद महतो शामिल हैं। ये सभी आरोपी बिक्रमगंज व्यवहार न्यायालय से जारी वारंट के तहत गिरफ्तार किए गए हैं।

गोलियों की फायरिंग से तिरासी बीघा गांव में मची दहशत

काराकाट (रोहतास) के तिरासी बीघा गांव में रात के समय अचानक गोलियों की आवाज से ग्रामीण भयभीत हो गए। जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय इंद्रदेव सिंह के पुत्र राजकिशोर सिंह के घर पर उसी गांव के अजय सिंह ने रात करीब एक बजे ताबड़तोड़ गोली चलाई। घटना के दिन, शाम को राजकिशोर सिंह के साथ बाइक पर सवार अजय सिंह का विवाद हुआ, जिसके बाद अजय सिंह ने गाली-गलौज करते हुए राजकिशोर सिंह का गला दबाया और फिर गोली चलाकर भाग गया।

राजकिशोर सिंह ने बताया कि रात में गोलियों की आवाज सुनकर उन्होंने छत से देखा कि कोई गोली चला रहा था। उनके पड़ोसी रामेश्वर सिंह ने अजय सिंह को गोली चलाते हुए देखा और इस बारे में राजकिशोर सिंह को बताया। गांववासियों ने भी गोली चलने की आवाज सुनी। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और एफआईआर दर्ज की। थानाध्यक्ष फूलदेव चौधरी ने मामले की जांच जारी रहने की बात कही है।

पूर्व शराब कांड का अभियुक्त गिरफ्तार

दिनारा (रोहतास) में पुलिस ने पूर्व शराब कांड के एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। भानस थानाध्यक्ष गुड़िया कुमारी ने बताया कि दिनारा थाना कांड संख्या 335/24 के संबंध में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद संशोधन अधिनियम 2018 के तहत 45 वर्षीय रामा शंकर राम, ग्राम खैरही कला को गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को जांच के बाद जेल भेज दिया गया है।