संगठन विस्तार के मिशन पर जुटी हम पार्टी, गांव-गांव तक पहुंचाने की बनी रणनीति
आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की रणनीति के तहत हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को डुमरांव में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने तथा पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

__ नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष ऋषि कुमार राय का सम्मान, सदस्यता अभियान और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर
केटी न्यूज/डुमरांव
आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की रणनीति के तहत हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को डुमरांव में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान को गति देने तथा पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर चर्चा की गई।बैठक की अध्यक्षता नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष ऋषि कुमार राय ने की। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हुए फूल-मालाओं से सम्मानित किया। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे अध्यक्षों, जिला कमिटी के सदस्यों और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। वक्ताओं ने कहा कि पार्टी की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। इसके लिए बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करने और नए सदस्यों को जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।जिलाध्यक्ष ऋषि कुमार राय ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही किसी भी राजनीतिक दल की सबसे बड़ी ताकत होता है।

आने वाले दिनों में गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा और उन्हें पार्टी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।बैठक में किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष शाहबाज हाशमी, प्रधान महासचिव शौकत अली, प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार पासवान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

