राजपुर पुलिस की दोहरी कार्रवाई में 338 लीटर शराब जब्त, तस्करों के नेटवर्क पर शिकंजा
शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजपुर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 338 लीटर देसी व विदेशी शराब बरामद कर तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करों द्वारा इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।

केटी न्यूज/राजपुर।
शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजपुर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 338 लीटर देसी व विदेशी शराब बरामद कर तस्करों के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार किया है। कार्रवाई के दौरान तस्करों द्वारा इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। पुलिस फरार आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पलिया गांव में शराब तस्करी के एक पुराने आरोपित के घर के समीप बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की, जहां से विभिन्न पेटियों में रखी देसी और विदेशी शराब बरामद की गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही तस्कर मौके से फरार हो गया।इसी क्रम में पुलिस गश्ती दल ने उतड़ी-जमौली नहर पथ पर संदिग्ध गतिविधि देख दो मोटरसाइकिलों का पीछा किया। पुलिस वाहन को देखते ही तस्कर बाइक छोड़कर झाड़ियों का सहारा लेते हुए भाग निकले। तलाशी के दौरान दोनों मोटरसाइकिलों पर लदी पेटियों से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब के साथ दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त मोटरसाइकिलों के चेसिस और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर तस्करों की पहचान की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और पुलिस आरोपितों के काफी करीब पहुंच चुकी है। जल्द ही सभी संबंधित लोगों की गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।उन्होंने कहा कि शराब तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए थाना क्षेत्र में लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में एएसआई पप्पू कुमार, एसआई वकार अहमद गौसी, अनीशा भारती तथा अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

