दूसरी बार धधका राजपुर पावर सब-स्टेशन, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

राजपुर विद्युत पावर सब-स्टेशन एक बार फिर आग की भयावह घटना से दहल उठा। रविवार दोपहर शॉर्ट सर्किट के बाद लगी भीषण आग ने न सिर्फ 10 एमबीए के बड़े ट्रांसफार्मर, वीसीपी और कई महत्वपूर्ण उपकरणों को राख कर दिया, बल्कि बिजली विभाग की सुरक्षा तैयारियों की भी पोल खोलकर रख दी। खास बात यह है कि इसी सब-स्टेशन में बीते 13 दिसंबर 2025 को भी आग लगी थी। महज कुछ महीनों के भीतर दोबारा हुई इस घटना ने विभागीय लापरवाही और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दूसरी बार धधका राजपुर पावर सब-स्टेशन, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे बड़े सवाल

__ शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में 10 एमबीए ट्रांसफार्मर स्वाहा, कई घंटे ठप रही बिजली आपूर्ति

केटी न्यूज/राजपुर

राजपुर विद्युत पावर सब-स्टेशन एक बार फिर आग की भयावह घटना से दहल उठा। रविवार दोपहर शॉर्ट सर्किट के बाद लगी भीषण आग ने न सिर्फ 10 एमबीए के बड़े ट्रांसफार्मर, वीसीपी और कई महत्वपूर्ण उपकरणों को राख कर दिया, बल्कि बिजली विभाग की सुरक्षा तैयारियों की भी पोल खोलकर रख दी। खास बात यह है कि इसी सब-स्टेशन में बीते 13 दिसंबर 2025 को भी आग लगी थी। महज कुछ महीनों के भीतर दोबारा हुई इस घटना ने विभागीय लापरवाही और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 1:20 बजे अचानक तेज धमाके जैसी आवाज हुई और देखते ही देखते ट्रांसफार्मर से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं।

ट्रांसफार्मर में मौजूद तेल के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में पूरा यार्ड धुएं और आग की चपेट में आ गया। हालात बिगड़ते देख पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई, जिससे राजपुर क्षेत्र अंधेरे में डूब गया।ड्यूटी पर मौजूद लाइनमैन और ऑपरेटरों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे सभी प्रयास बेअसर साबित हुए। सूचना मिलते ही राजपुर, बक्सर और चौसा पावर प्लांट से फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। प्रधान अग्निक प्रमोद कुमार के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

घटना के बाद विधायक संतोष निराला समेत बिजली विभाग के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार्यपालक अभियंता सूर्य प्रकाश सिंह ने दावा किया कि दूसरे ट्रांसफार्मर से बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है और जल्द सप्लाई सामान्य कर दी जाएगी।हालांकि लगातार दूसरी बार हुई इस बड़ी घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर विभाग पिछली आग से कोई सबक क्यों नहीं ले सका। उपभोक्ताओं में विभागीय लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।