शॉर्ट सर्किट ने मचाई तबाही, मिनटों में राख हुईं दर्जनों नई बाइकें

स्थानीय थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डुमरांव-विक्रमगंज मुख्य पथ स्थित एक हीरो बाइक एजेंसी में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी, लेकिन कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एजेंसी परिसर में खड़ी नई बाइकें देखते ही देखते जलने लगीं।

शॉर्ट सर्किट ने मचाई तबाही, मिनटों में राख हुईं दर्जनों नई बाइकें

--डुमरांव-विक्रमगंज पथ स्थित हीरो एजेंसी में भीषण अगलगी, लाखों के नुकसान की आशंका

केटी न्यूज/नावानगर

स्थानीय थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डुमरांव-विक्रमगंज मुख्य पथ स्थित एक हीरो बाइक एजेंसी में अचानक भीषण आग लग गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी, लेकिन कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि एजेंसी परिसर में खड़ी नई बाइकें देखते ही देखते जलने लगीं।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एजेंसी के अंदर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद लोगों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक आग पूरे शोरूम परिसर में फैल चुकी थी। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि करीब चालीस से अधिक नई बाइकें इसकी चपेट में आ गईं।

कई बाइकें पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गईं। घटना के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए बाल्टी और पानी के सहारे आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई।कुछ देर बाद सोनवर्षा एवं डुमरांव से दमकल की गाड़ियां पहुंचीं। दमकल कर्मियों और ग्रामीणों की घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि तब तक एजेंसी को भारी नुकसान हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस अगलगी में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई है।घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।