श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर रहेगा प्रशासन का विशेष फोकस
श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मेले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

__ डीएम साहिला ने तैयारियों की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, घाटों की बैरिकेडिंग, टेंट, पेयजल, सफाई, ट्रैफिक और खाद्य गुणवत्ता पर रहेगी कड़ी निगरानी
केटी न्यूज/बक्सर
श्रावणी मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मेले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि मंदिरों, धार्मिक स्थलों तथा उनके आसपास साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं हर हाल में उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही नदी, घाटों और तालाबों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैरिकेडिंग कराई जाए ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं डुमरांव को कांवड़िया पथ और नदी घाटों के रास्तों पर टेंट, बैठने की व्यवस्था, शीतल पेयजल तथा अन्य आवश्यक जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि मेले के दौरान किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए।बैठक में खाद्य सुरक्षा को लेकर भी विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने दोनों अनुमंडलों के अधिकारियों को मंदिरों के आसपास बिकने वाली खाद्य सामग्रियों की नियमित जांच कराने तथा मिलावटी या घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को श्रावणी मेला समाप्त होने तक मंदिरों के आसपास मांसाहार की दुकानों का संचालन बंद कराने के निर्देश दिए गए।

महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने विशेष तैयारी करने का फैसला लिया है। प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर, ब्रह्मपुर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक मरम्मत एवं निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) को बक्सर, ब्रह्मपुर समेत अन्य प्रमुख मेला स्थलों के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार कर प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया गया, ताकि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

