ओड़वार महादेवपुर में रहस्यमयी महिला शव मिलने से तहलका, खेत में पुआल के नीचे छिपाया गया था सबूत

अकबरपुर पंचायत के ओड़वार महादेवपुर मौजा में सोमवार की सुबह एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल पैदा कर गया। खेत घूमने निकले एक किसान ने देखा कि उसके धान का फसल कई जगह रौंदा हुआ पड़ा है। शक होने पर उसने आसपास जांच की तो पुआल का एक बड़ा ढेर दिखाई दिया। पुआल हटाते ही किसान के होश उड़ गए—भीतर लगभग 48 से 50 वर्ष की एक अज्ञात महिला का शव छिपाकर रखा गया था।

ओड़वार महादेवपुर में रहस्यमयी महिला शव मिलने से तहलका, खेत में पुआल के नीचे छिपाया गया था सबूत

केटी न्यूज/राजपुर

अकबरपुर पंचायत के ओड़वार महादेवपुर मौजा में सोमवार की सुबह एक महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में मिला शव पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल पैदा कर गया। खेत घूमने निकले एक किसान ने देखा कि उसके धान का फसल कई जगह रौंदा हुआ पड़ा है। शक होने पर उसने आसपास जांच की तो पुआल का एक बड़ा ढेर दिखाई दिया। पुआल हटाते ही किसान के होश उड़ गए—भीतर लगभग 48 से 50 वर्ष की एक अज्ञात महिला का शव छिपाकर रखा गया था।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहली नजर में ही स्पष्ट हो गया कि महिला की निर्मम हत्या करने के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को खेत में लाकर फेंका गया है। घटना की चर्चा कुछ ही मिनटों में गांव से लेकर आसपास के टोले-मोहल्लों में फैल गई और देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष निवास कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि हत्या की आशंका अत्यंत प्रबल है और पूरे मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच कराने के लिए एसएफएल टीम को बुला लिया गया है। महिला की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के सभी थानों में उसका फोटो भेज दिया गया है।

घटनास्थल पर पहुंचे मुखिया प्रतिनिधि राजेश सिंह ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए ग्रामीणों से अपील की कि वे महिला की पहचान में पुलिस की मदद करें। उन्होंने कहा कि ऐसी जघन्य हत्या पूरे क्षेत्र के लिए चिंता का विषय है और दोषियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाना आवश्यक है।पुलिस फिलहाल हर पहलू पर तहकीकात कर रही है। ग्रामीणों का मानना है कि आरोपी घटना को दूरदराज कुठे अंजाम देकर रात के अंधेरे में शव यहां लाकर पुआल के नीचे छिपा गए होंगे। वैज्ञानिक जांच के बाद ही इस रहस्यमयी हत्या की परतें खुल पाएंगी।