रघुनाथपुर में एक जुलाई से शुरू होगा डिग्री कॉलेज का संचालन

प्रखंड क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रघुनाथपुर स्थित +2 उच्च विद्यालय परिसर में आगामी एक जुलाई से डिग्री कॉलेज का संचालन शुरू किया जाएगा। कॉलेज शुरू होने की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी साहिला ने विद्यालय परिसर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

रघुनाथपुर में एक जुलाई से शुरू होगा डिग्री कॉलेज का संचालन

__ डीएम साहिला ने तैयारियों का लिया जायजा, 30 जून तक सभी कार्य पूरा करने का निर्देश

केटी न्यूज/केसठ।

प्रखंड क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। रघुनाथपुर स्थित +2 उच्च विद्यालय परिसर में आगामी एक जुलाई से डिग्री कॉलेज का संचालन शुरू किया जाएगा। कॉलेज शुरू होने की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी साहिला ने विद्यालय परिसर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय भवन के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया और कॉलेज संचालन के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान उनके साथ अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव राकेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, अंचलाधिकारी केसठ सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि डिग्री कॉलेज के संचालन के लिए विद्यालय भवन के भूतल पर पांच कमरों का चयन किया गया है। इन कमरों में आवश्यक मरम्मत, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का कार्य अंतिम चरण में है। कॉलेज के सुचारु संचालन के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी तैयारियां हर हाल में 30 जून को दोपहर 12 बजे तक पूरी कर ली जाएं, ताकि एक जुलाई से कॉलेज का संचालन बिना किसी परेशानी के शुरू किया जा सके। उन्होंने संबंधित एजेंसी को समय सीमा के अंदर सभी कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने छात्रों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कॉलेज परिसर में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने अतिरिक्त शौचालय निर्माण, पेयजल समेत अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय परिसर की सुरक्षा को देखते हुए नियमानुसार चहारदीवारी निर्माण सुनिश्चित करने को कहा।डिग्री कॉलेज के शुरू होने से केसठ प्रखंड और आसपास के क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए दूर जाने की समस्या से राहत मिलेगी। स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही स्नातक स्तर की पढ़ाई की सुविधा मिल सकेगी। कॉलेज संचालन की शुरुआत को क्षेत्र में शिक्षा के विकास की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।