हादसे के बाद बाइक सवार को छोड़ भागा दूसरा चालक, सीएचसी में चल रहा इलाज

चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर मोहनपुरवा गांव के समीप मंगलवार की देर दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद बाइक सवार को छोड़ भागा दूसरा चालक, सीएचसी में चल रहा इलाज

केटी न्यूज/चौसा।

चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर मोहनपुरवा गांव के समीप मंगलवार की देर दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में एक अधेड़ गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायल को चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।घायल की पहचान कोरानसराय थाना क्षेत्र के निरंजनपुर गांव निवासी अविनाश पासवान (52 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अविनाश पासवान बाइक से राजपुर की तरफ से चौसा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान मोहनपुरवा गांव के पास विपरीत दिशा से एक युवक बाइक चलाते हुए पहुंचा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बाइक को गलत दिशा में तेज गति और असावधानी से चला रहा था। अचानक सामने से बाइक आते देख अविनाश पासवान ने टक्कर टालने का प्रयास किया, लेकिन दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई।टक्कर इतनी तेज थी कि अविनाश पासवान सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल घायल को सड़क से उठाकर चौसा सीएचसी पहुंचाया। वहीं, दुर्घटना में शामिल दूसरा बाइक सवार युवक बिना रुके अपनी बाइक लेकर वहां से निकल गया।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। मुफस्सिल थाना के एसआई अवधेश कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की जानकारी मिली है। पुलिस घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटा रही है और दुर्घटना में शामिल दूसरे बाइक सवार के बारे में पता लगाया जा रहा है।