केशोपुर में तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव शुरू, जलयात्रा से गूंजा पूरा इलाका

सिमरी प्रखंड के केशोपुर गांव में सोमवार से तीन दिवसीय हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत भव्य जलयात्रा के साथ हुई। आयोजन के पहले ही दिन गांव और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अनोखा माहौल देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटने लगे, जहां से कलश यात्रा निकाली गई।

केशोपुर में तीन दिवसीय धार्मिक महोत्सव शुरू, जलयात्रा से गूंजा पूरा इलाका

केटी न्यूज/सिमरी

सिमरी प्रखंड के केशोपुर गांव में सोमवार से तीन दिवसीय हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत भव्य जलयात्रा के साथ हुई। आयोजन के पहले ही दिन गांव और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अनोखा माहौल देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु मंदिर परिसर में जुटने लगे, जहां से कलश यात्रा निकाली गई।सैकड़ों श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच गंगा घाट के लिए रवाना हुए। यात्रा में हाथी-घोड़े भी आकर्षण का केंद्र बने रहे। पूरे रास्ते श्रद्धालु जय श्रीराम और बजरंगबली के जयघोष करते आगे बढ़ते रहे। गंगा घाट पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना की गई और विधि-विधान से कलशों में गंगाजल भरकर श्रद्धालु वापस गांव लौटे।

गांव वापसी के दौरान विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने जलयात्रा का स्वागत किया। मंदिर परिसर पहुंचने पर आचार्यों द्वारा विशेष पूजन कराया गया। भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। इसके बाद मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का विधिवत शुभारंभ हुआ तथा हरिकीर्तन का आयोजन शुरू किया गया, जिसमें देर शाम तक श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे।आयोजन समिति ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को मूर्ति कर्मकुटी, ग्राम भ्रमण और विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित होंगे। श्रद्धालु गांव भ्रमण के दौरान धार्मिक संदेश भी देंगे। तीसरे दिन 29 अप्रैल को सुबह महाप्रसाद वितरण और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

समिति ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, बैठने और प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं बुधवार की रात भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।महोत्सव को सफल बनाने में भारद्वाज मिश्र, भृगुनाथ मिश्रा, बालेश्वर नाथ मिश्रा, अमरनाथ मिश्रा, अंगद मिश्र, बृज बिहारी मिश्रा, शुभ नारायण मिश्र, प्रवीण कुमार मिश्रा, मनीष मिश्रा, वेद प्रकाश सहित अनेक ग्रामीण सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने की अपील की है।