सरेंजा में उपचाररत मिली मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट, निरीक्षण में व्यवस्थाएं दुरुस्त
चौसा प्रखंड क्षेत्र में संचालित मोबाइल पशु चिकित्सा सेवा की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से गुरुवार को अधिकारियों ने औचक जांच की। निरीक्षण के दौरान एमवीयू (मोबाइल वेटरनरी यूनिट) एम्बुलेंस सरेंजा गांव में पशुओं का उपचार करती हुई पाई गई, जिससे सेवा की सक्रियता स्पष्ट हुई।
केटी न्यूज/बक्सर
चौसा प्रखंड क्षेत्र में संचालित मोबाइल पशु चिकित्सा सेवा की जमीनी हकीकत परखने के उद्देश्य से गुरुवार को अधिकारियों ने औचक जांच की। निरीक्षण के दौरान एमवीयू (मोबाइल वेटरनरी यूनिट) एम्बुलेंस सरेंजा गांव में पशुओं का उपचार करती हुई पाई गई, जिससे सेवा की सक्रियता स्पष्ट हुई।क्षेत्रीय प्रबंधक योगेंद्र सिंह एवं जिला समन्वयक अग्निवेश कुमार ने एम्बुलेंस में उपलब्ध दवाइयों, चिकित्सकीय उपकरणों तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की बारीकी से जांच की। साथ ही संबंधित अभिलेखों और दस्तावेजों का सत्यापन भी किया गया।

जांच के क्रम में सभी कागजात अद्यतन एवं व्यवस्थित पाए गए। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद चिकित्सकीय टीम की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की।एमवीयू में तैनात डॉ. अजय प्रकाश यादव, पैरावेट अमित सिंह तथा चालक शत्रुधन सिंह अपने दायित्वों का निर्वहन करते मिले। टीम द्वारा पशुओं की जांच एवं उपचार की प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने सेवा की तत्परता और रिकॉर्ड संधारण पर संतोष व्यक्त किया।निरीक्षण के दौरान पशुपालकों से भी फीडबैक लिया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि मोबाइल पशु चिकित्सा एम्बुलेंस के माध्यम से समय पर उपचार मिलने से पशुओं की सेहत में सुधार हुआ है। पहले जहां उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों तक जाना पड़ता था, वहीं अब गांव में ही सुविधा उपलब्ध हो रही है। इससे समय और खर्च दोनों की बचत हो रही है।अधिकारियों ने कहा कि पशुपालकों को सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। सेवा की निरंतर मॉनिटरिंग के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे, ताकि व्यवस्था पारदर्शी और प्रभावी बनी रहे।

