बक्सर में एक ही रात दो युवकों की हत्या, रक्तरंजित हुई होली, एक गिरफ्तार

बक्सर में एक ही रात दो युवकों की हत्या, रक्तरंजित हुई होली, एक गिरफ्तार

- शांतिनगर के युवक की गोली मार हत्या, विरोध में सड़क जाम

- शराब पार्टी में पैसे के लेन देन के विवाद में युवक की लोहे की रॉड से मार हत्या, आरोपित गिरफ्तार

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर में एक ही रात दो युवकों की हत्या कर दी गई है। दोनों घटनाएं होली की रात की है। पुलिस ने एक अरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दूसरी घटना के खिलाफ परिजनों तथा बस्ती वालों ने सड़क जाम कर आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार पहली घटना डीएवी स्कूल के सामने की है। जहां होली की शाम एक घर में शराब पार्टी चल रही थी।

इसी दौरान गृहस्वामी सह शिक्षक द्वारिका पांडेय का उसी पार्टी में बैठे धनसोई के विनोद प्रसाद के 25 वर्षीय पुत्र महेश कुमार से पैसे के लेन देन का विवाद शुरू हो गया। द्वारिका ने इस दौरान घर में रखे लोहे के रॉड से महेश के सर वर वार कर दिया। जिससे वह अचेत हो गया। हालांकि, आरोपित के छोटे भाई मिथिलेश पांडेय ने ही पुलिस को फोन कर इस घटना की जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अरोपित को हिरासत में लेकर जख्मी को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंची। जहां, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जिसके बाद पुलिस ने द्वारिका पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि आरोपित ब्रह्मपुर प्रखंड में शिक्षक की नौकरी करता है। नगर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। समाचार लिखे जाने तक परिजनों द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं कराया गया है।

शांति नगर मोहल्ले के युवक की गोली मार हत्या 

वही मंगलवार की रात ही शांति नगर मोहल्ले के एक युवक की गोली मार हत्या कर दी गई है। उसका शव शांति नगर के पास ही निर्माणाधीन ओवर ब्रिज के नीचे रेलवे टैªक के पास पड़ा था। उसके सर में गोली मारी गई थी। बुधवार को इसकी जानकारी होते ही आक्रोशित परिजनों तथा मोहल्लेवालों ने बस स्टैंड के पास शव रख सड़क जाम कर दिया था। सूचना पर पहुंचे सदर डीएसपी धीरज कुमार ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया तथा शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान दीनानाथ राम के 40 वर्षीय पुत्र शशिभूषण राम के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार वह मंगलवार की शाम से ही अपने घर से गायब था। परिजनों ने रात में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। उसका मोबाईल भी स्वीच ऑफ हो गया था। मिली जानकारी के अनुसार वह मूलरूप से उत्तर प्रदेश के योगा गांव का रहने वाला था तथा लंबे समय से अपने परिवार के साथ शांति नगर मोहल्ले में रहता था। परिजनो की मानें तो उसका मोहल्ले के कुछ लोगों से विवाद चल रहा था।

मृतक के पुत्र ने बताया की होली के दिन शाम को मोहल्ले के बिस्मिल्लाह, शशि यादव, अटल यादव व मनोज खरवार द्वारा होली के मौके पर मोहल्ले में बज रहे डीजे पर डांस करने और पार्टी करने के लिए बुलाकर ले गए थे। उसके पुत्र की माने तो शशि भूषण की हत्या में इन्हीं लोगों का हाथ है। बहरहाल डीएसपी के समझाने बुझाने के बाद परिजन सड़क जाम हटा लिए। बक्सर में एक ही रात दो हत्याओं से पुलिस प्रशासन की मुश्किलें भी बढ़ गई है।