धान लदा अनियंत्रित ट्रैक्टर नहर में पलटा, एक की मौत तीन जख्मी

धान लदा अनियंत्रित ट्रैक्टर नहर में पलटा, एक की मौत तीन जख्मी

सभी घायलों का निजी अस्पताल में कराया जा रहा इलाज

केटी न्यूज/आरा

थाना क्षेत्र के चंदा गांव स्थित नयका पुल के समीप रविवार की शाम एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में पलट गया। उसमें ट्रैक्टर के नीचे दबने से एक युवक की मौत हो गयी,  जबकि तीन लोग जख्मी हो गए। तीनों घायलों का इलाज निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।

मृत युवक चंदा गांव निवासी टेंगरी राम का 19 वर्षीय पुत्र निकेश कुमार था। घायलों में उसी गांव के निवासी छोटका मंसूरी,तैयब मंसूरी और श्याम कुमार शामिल है। मृतक और घायल पलदारी का काम करते थे। मृतक निकेश के रिश्ते में लग रहे चाचा ने बताया कि सभी ट्रैक्टर पर धान का बोरा लोड कर गांव में दूसरे जगह पर उतरने गए थे।

धान अनलोड करने के बाद सभी ट्रैक्टर से फिर धान लादने आ रहे थे। उसी दौरान चंदा गांव स्थित नयका पुल के समीप अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर पलट गया। उसके कारण निकेश कुमार ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। ट्रैक्टर पर सवार छोटका मंसूरी, तैयब मंसूरी और श्याम कुमार जख्मी हो गये।

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। बताया जा रहा है कि निकेश अपने दो भाई और तीन बहन में तीसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां निरासो देवी, बहन सेवांती कुमारी, छोटी कुमारी हेवांती कुमारी और भाई विकास कुमार है। घटना के बाद उसके घर में कोहराम मच गया है।