‘सबका सम्मान- जीवन आसान’ के तहत करहंसी पंचायत में लगा जनसमस्या समाधान शिविर

सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत आम नागरिकों की दैनिक समस्याओं के त्वरित समाधान एवं पात्र लाभुकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने के उद्देश्य से जिले की विभिन्न पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बक्सर प्रखंड की करहंसी ग्राम पंचायत स्थित पंचायत भवन में आयोजित शिविर का जिलाधिकारी साहिला ने निरीक्षण किया।

‘सबका सम्मान- जीवन आसान’ के तहत करहंसी पंचायत में लगा जनसमस्या समाधान शिविर

-- डीएम साहिला ने किया निरीक्षण, 48 घंटे में आवेदनों पर कार्रवाई का निर्देश, अनुपस्थित कनीय अभियंता से मांगी जाएगी जवाबदेही

केटी न्यूज/बक्सर 

सात निश्चय 3.0 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत आम नागरिकों की दैनिक समस्याओं के त्वरित समाधान एवं पात्र लाभुकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से आच्छादित करने के उद्देश्य से जिले की विभिन्न पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बक्सर प्रखंड की करहंसी ग्राम पंचायत स्थित पंचायत भवन में आयोजित शिविर का जिलाधिकारी साहिला ने निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान डीएम को बताया गया कि निर्धारित समयावधि तक कुल 09 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इन आवेदनों में जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित समस्याएं एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामले शामिल हैं। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी आवेदनों पर 48 घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।डीएम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देशित किया कि शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभ उठा सकें। उन्होंने सेविका, सहायिका, आशा कार्यकर्ता, ममता, टोला सेवक समेत अन्य जमीनी स्तर के कर्मियों के माध्यम से ग्रामीणों को शिविर की जानकारी देने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उपस्थित होने हेतु प्रेरित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।निरीक्षण के क्रम में कनीय अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल के अनुपस्थित पाए जाने पर डीएम ने नाराजगी व्यक्त की और कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया।उन्होंने कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल बक्सर को भी निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त नल-जल योजना की मरम्मत संबंधी आवेदनों पर 48 घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए।जिला पदाधिकारी ने शिविर में उपस्थित अधिकारियों से कहा कि आमजन की शिकायतों को गंभीरता से लें और समाधान की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रगति प्रतिवेदन जिला स्तर पर उपलब्ध कराया जाए।इस अवसर पर अपर समाहर्ता बक्सर, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी बक्सर, अंचलाधिकारी बक्सर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से बताया गया कि आगामी दिनों में भी अन्य पंचायतों में इसी प्रकार के शिविर आयोजित कर आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।