युवक की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत, हत्या का आरोप लगा रहे परिजन

युवक की संदेहास्पद परिस्थिति में मौत, हत्या का आरोप लगा रहे परिजन

- राजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की है घटना, मछलियों को चारा डालने गया था युवक, झाड़ियों में मिला शव

केटी न्यूज/राजपुर  

राजपुर थाना क्षेत्र के रामपुर में धर्मावती व कर्मनाशा नदियों के तट पर मछलियों को चारा खिलाने गए एक 30 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई है और शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। इस घटना की जानकारी के बाद गांव में सनसनी फैल गई। देखते-देखते सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। वही सूचना पर घर मे कोहराम मच गया।

गांव के चौकीदार द्वारा स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी गई, जहा पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले जांच में जुट गई। घटना रविवार की सुबह की है। घटना के सम्बंध में ग्रामीणों में कई तरह की चर्चाएं हो रही है। ग्रामीण सूत्रों ने बताया कि पूर्व में भी उस पर जानलेवा हमला हुआ था। मिली जानकारी के अनुसार रामपुर निवासी जगदीश सिंह का पुत्र अजीत कुमार मूंग की खेती व पोखरा ले मत्स्य पालन किया था। जिसको लेकर वह प्रतिदिन सुबह देख-रेख व मछलियों को चारा डालने जाता तथा आठ, नौ बजते घर वापस चला आता था।

रविवार की सुबह अजीत लगभग पांच बजे के आसपास घर से निकल पोखरे पर चला गया। लेकिन, वह दस बजे तक घर वापस नहीं लौटा, तो घर वालों को चिंता होने लगी। उसके मोबाइल पर सम्पर्क करने लगे। मगर, उधर से कोई रिस्पॉन्स नहीं मिलने पर घरवालों में कुछ शंका होने लगी, जिसकी तलाश में वे पोखरे की तरफ चले गए। जहा स्थिति को देख चौक पड़े।

देखते ही देखते इस घटना की जानकारी पूरे गांव में जंगल की आग की तरह फैल गई। भागे-भागे लोग घटनास्थल पर पहुंचे, जहां मृत पड़े अजीत को देख भौचक रह गए। ग्रामीणों का कहना है कि अजीत की हत्या की गई है। इधर घर वालो को यह खबर मिली तो घर मे कोहराम मच गया। रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल हो गया। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम को भेज,

घटना के सम्बंध में जांच करने लगी।इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस पहुंची। पंचनामा के बाद शव को उठवा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के शरीर पर चोट या खरोच के निशान नहीं मिले है। हालांकि, इसके कान से खून बह रहा था तथा इसके हाथ में काला धब्बा है।

जैसे धारा प्रभावित तार के सम्पर्क में आया हो, इसलिए मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बताया जा सकता है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक परिजनों द्वारा इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं कराया गया था। 

चार वर्ष पूर्व भी हुआ अजीत पर जानलेवा हमला

जगदीश सिंह के पुत्र अजीत कुमार पर विगत चार वर्ष पूर्व भी जानलेवा हमला हुआ था। उस समय उसके बांह में गोली लगी थी। जिससे उसकी जान बच गई थी। बताया जाता है कि चार वर्ष पूर्व अजीत अपने ही पड़ोस की एक लड़की से प्रेम विवाह किया था।

कुछ ही दिन बाद लड़की ने जहर खाकर आत्म हत्या कर ली थी। इस मामले में उसपर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिस मामले में वह जेल भी गया था। बाहर आने पर गुस्साए लोगों ने इस पर हमला किया था। उस समय इसके बांह में गोली लगी थी। जिस मामले में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। इस मामले में इस केस पर इन दिनों सुनवाई हो रही थी। तब तक यह घटना हो गई।

यह मामला गांव में एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि केस में गवाही चल रही थी। उनलोगों द्वारा विगत कई दिनों से धमकी दी जा रही थी।