संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, गांव में तरह-तरह की चर्चाएं
कोरानसराय थाना क्षेत्र के मठिला गांव में शुक्रवार को एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। मृतक की पहचान स्वर्गीय राधेश्याम केशरी के पुत्र द्वारिका केसरी के रूप में हुई है।
केटी न्यूज/डुमरांव
कोरानसराय थाना क्षेत्र के मठिला गांव में शुक्रवार को एक 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। मृतक की पहचान स्वर्गीय राधेश्याम केशरी के पुत्र द्वारिका केसरी के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार द्वारिका केसरी गांव में फर्टिलाइजर और किराना दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। बताया जाता है कि पिछले कुछ महीनों से परिवार में संपत्ति बंटवारे को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई थी, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान चल रहे थे।

गांव के कुछ लोगों के अनुसार वह कई बार अपने करीबी लोगों से घरेलू विवाद को लेकर चिंता जाहिर करते थे।शुक्रवार की सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंच गए।घटना की सूचना पुलिस को चौकीदार के माध्यम से मिली। जानकारी मिलते ही कोरानसराय थाना पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच में जुट गई। बताया जाता है कि परिजन शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में थे।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिवार के लोगों ने इससे इंकार कर दिया।थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि युवक की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस टीम को भेजा गया था। परिजनों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने की इच्छा जताई है। मामले की जांच की जा रही है।इधर, अचानक हुई इस घटना से गांव के लोग स्तब्ध हैं। मृतक अपने व्यवहार और मेहनती स्वभाव के कारण क्षेत्र में जाने जाते थे। उनकी मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में पूरे दिन घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा।

