देखते ही देखते भैसही नदी में समा गया पशुपालक, मचा कोहराम, शव की तलाश जारी

देखते ही देखते भैसही नदी में समा गया पशुपालक, मचा कोहराम, शव की तलाश जारी
शव को ढूंढते ग्रामीण व अन्य
देखते ही देखते भैसही नदी में समा गया पशुपालक, मचा कोहराम, शव की तलाश जारी

- गाय चरा नदी के उस पार से लौट रहा था अपने घर

केटी न्यूज। डुमरांव ( बक्सर ) 

भैसही नदी में डूबने से एक पशुपालक की मौत हो गई है। घटना सोमवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे महाराजा कोठी के पीछे भैसही नदी की है। मृतक लाला चौधरी उम्र 56 वर्ष पिता स्व छबीला चौधरी पुराना भोजपुर के वार्ड 4 स्थित तकिया मोहल्ला का रहने वाला था। उसके नदी में डूबने की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। तत्काल करीब एक दर्जन ग्रामीण गोताखोर मौके पर पहुंच शव की तलाश शुरू कर दिए। लेकिन देर शाम तक उसका शव नहीं मिल पाया था। घटना स्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भींड़ उमड़ी थी। जबकि परिजनों के क्रंदन चित्कार से माहौल गमगीन हो गया था। मिली जानकारी के अनुसार लाला चौधरी पशुपालक था तथा करीब एक दर्जन गायों को पाल रखा था। वह हर दिन सुबह में गाय चराने नदी के उस पार जाता था तथा शाम को गायों के झूंड के साथ ही लौट आता था। सोमवार को भी वह गाय चराने निकला था। लेकिन लौटने के दौरान नदी पार करने के प्रयास में गहरे पानी में समा गया। उससे थोड़ी दूर खड़ी दो महिलाओं ने उसे डूबते हुए देख दौड़ी भागी गांव में पहुंची तथा शोर मचा इस घटना की जानकारी ग्रामीणों तथा उसके परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिजनों के साथ सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण महिलाओं द्वारा बताए गए जगह पर नदी के किनारे पहुंचे। इस दौरान कई ग्रामीण गोताखोर शव की तलाश के लिए नदी में छलांग लगा दिए। लेकिन घंटो के प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चल सका था। शव बरामद नहीं होने से परिजनों की चिंताएं भी बढ़ने लगी है। इधर घटना की सूचना मिलते ही नया भोजपुर ओपी प्रभारी सुबोध कुमार सदल बल मौके पर पहुंचे तथा शव की तलाश के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की मांग वरीय पदाधिकारियों से किए। जबकि ग्रामीणों का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के करीब एक घंटा बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुराना भोजपुर के पूर्व सरपंच भरत चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल प्रशासन को सूचना दे दी गई थी। लेकिन प्रशासन एक तो देर से आई दूसरे उनके पास शव खोजने के लिए न तो महाजाल था और न ही प्रशिक्षित गोताखोर

अंधेरे और जलकुंभी के कारण शव खोजने में हुई परेशानी

शाम के समय घटना होने तथा नदी में भारी मात्रा में जलकुंभी होने के कारण गोताखोरों को शव की तलाश में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग तो घंटो सिर्फ नदी से जलकुंभी को बाहर निकाल रहे थे। अंधेरा के वजह से भी गोताखोरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बावजूद ग्रामीण गोताखोर हिम्मत नहीं हार रहे थे तथा समचार लिखे जाने तक शव की तलाश करते रहे।

देखते ही दखते आंखों से ओझल हो गया था लाला

उसे डूबते हुए देखने वाली महिलाओं का कहना है कि वह अंतिम दो गायों के साथ नदी के उस पार खड़ा था। जबकि बाकी गायें नदी पार कर चुकी थी। लेकिन जैसे ही दोनों गाय नदी में उतरी कि लाला उनकी नजरों से गायब हो गया था। पहले तो महिलाओं द्वारा उसे इधर उधर तलाशा गया तथा आवाज भी लगाई गई। लेकिन जब उसका कही पता नहीं चला तब महिलाओं को उसके डूबने की बात समझ में आई तथा दौड़कर गांव में जा ग्रामीणों को इस मनहूस घटना की जानकारी दी। 

कहते है ओपी प्रभारी

नया भोजपुर ओपी के प्रभारी सुबोध कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नदी पार करने के दौरान पशुपालक भैसही नदी में डूब गया है। उन्होंने कहा कि शव की तलाश करवाई जा रही है।

Files