रिजेक्ट कॉस्मेटिक की आड़ में 3308 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, डीसीएम ट्रक समेत चालक गिरफ्तार

आरा–मोहनियां हाईवे स्थित परमडीह पुल के समीप नावानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिजेक्ट कॉस्मेटिक सामान की आड़ में तस्करी के लिए ले जाई जा रही 3308 लीटर अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने शराब लदे डीसीएम ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया।

रिजेक्ट कॉस्मेटिक की आड़ में 3308 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद, डीसीएम ट्रक समेत चालक गिरफ्तार

केटी न्यूज/नावानगर

आरा–मोहनियां हाईवे स्थित परमडीह पुल के समीप नावानगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिजेक्ट कॉस्मेटिक सामान की आड़ में तस्करी के लिए ले जाई जा रही 3308 लीटर अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की है। पुलिस ने शराब लदे डीसीएम ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की मात्रा को देखते हुए इसे क्षेत्र की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर परमडीह पुल के पास वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान हरियाणा से मुजफ्फरपुर की ओर जा रहे एक डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

जांच के दौरान ट्रक में ऊपर से रिजेक्ट कॉस्मेटिक आइटम लोड था, जबकि उसके नीचे बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके पर ही पूरी खेप जब्त कर ली। बरामद शराब में 100 कार्टन किंग फिशर बियर शामिल है, जिसकी कुल मात्रा 1200 लीटर है। इसके अलावा 244 कार्टन ऑल सीजन रिजर्व व्हिस्की बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 2108 लीटर है। इस प्रकार कुल 3308 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई। मामले में गिरफ्तार चालक की पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के निवासी लुंगा राम के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक हरियाणा से मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुआ था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसके लिए भेजी जा रही थी तथा इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि जब्त ट्रक और शराब को कब्जे में लेकर चालक के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।