बरसात से पहले दसियांव में चला विशेष सफाई अभियान
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत पंचायतों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को प्रखंड के दसियांव पंचायत के वार्ड संख्या 13 में व्यापक सफाई अभियान का आयोजन किया गया।

--नाली-गली की सफाई कर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
केटी न्यूज/केसठ।
लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत पंचायतों को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाने के उद्देश्य से विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को प्रखंड के दसियांव पंचायत के वार्ड संख्या 13 में व्यापक सफाई अभियान का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का नेतृत्व स्वच्छता पर्यवेक्षक अयोध्या प्रसाद ने किया। इस दौरान वे सफाई कर्मियों एवं ग्रामीणों के साथ हाथों में कुदाल, झाड़ू और टोकरी लेकर वार्ड में पहुंचे तथा विभिन्न नालियों और गलियों की साफ-सफाई कराई।

अभियान के तहत जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नालियों से कचरा एवं गाद हटाया गया।स्वच्छता पर्यवेक्षक ने ग्रामीणों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को भी स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि घरों से निकलने वाले कूड़े-कचरे को निर्धारित स्थान पर ही डालें, ताकि गांव का वातावरण स्वच्छ और स्वस्थ बना रहे। उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में जलजमाव और गंदगी से होने वाली समस्याओं को रोकने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।अभियान के दौरान ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

