ई-रिक्शा व बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर हुई मौत

डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर कोरानसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत खलवा इनार के समीप ई-रिक्शा व बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मंगलवार की शाम करीब साढ़े चार बजे की है। घटना को अंजाम देने के बाद ई-रिक्शा चालक अपना वाहन लेकर फरार हो गया है।

ई-रिक्शा व बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर हुई मौत

-- चार अबोध बच्चियों के सर से उठा पिता का साया, कोरानसराय थाना क्षेत्र के खलवा इनार के समीप एनएच 120 पर हुआ हादसा, डुमरांव थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया गांव का रहने वाला था मृतक

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव-बिक्रमगंज पथ पर कोरानसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत खलवा इनार के समीप ई-रिक्शा व बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना मंगलवार की शाम करीब साढ़े चार बजे की है। घटना को अंजाम देने के बाद ई-रिक्शा चालक अपना वाहन लेकर फरार हो गया है।हालांकि, राहगीरों द्वारा उसे तुरंत उठाकर डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। मृतक की पहचान डुमरांव थाना क्षेत्र के मिश्रवलियां गांव निवासी शिवबली राम के 30 वर्षीय पुत्र रामेश्वर राम के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार वह अपने ससुराल सिकरौल थाना क्षेत्र के रेंका-पांडेयपुर गांव गया था, शाम में वहां से लौटने के दौरान वह जैसे ही खलवा इनार के समीप पहुंचा कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

जिससे वह बाइक समेत व सड़क पर गिर पड़ा तथा अचेत हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वह सिर के बल गिरा था तथा सर में गंभीर चोटे आई थी। उसके सर से काफी मात्रा में खून बहा था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे तथा शव से लिपट विलाप करने लगे। परिजनों के क्रंदन-चित्कार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया था। बताया जा रहा है कि मृतक तीन भाईयों में मझला था। घटना के बाद से ही उसके पिता शिवबली राम, माता रामरती देवी, पत्नी प्रेमा देवी, बड़े भाई अनिल राम, छोटे भाई सत्येन्द्र आदि सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।पिता ने रोते हुए बताया कि मृतक अपने पीछे चार अबोध पुत्रियों को छोड़ गया है।

घटना के बाद से पूरा परिवार बदहवास हो गया है। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंच शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में जुट गई है। कोरानसराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि खलवा इनार के पास सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। दुर्घटना को अंजाम देने वाले ई-रिक्शा वाहन का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। थानाध्यक्ष ने कहा कि फिलहाल परिजनों ने किसी तरह का आवेदन नहीं दिया है।