बक्सर में गैस आपूर्ति पर प्रशासन की सख्ती, कालाबाजारी पर शिकंजा

जिले में रसोई गैस की उपलब्धता बनाए रखने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 13, भारत पेट्रोलियम की 6 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 8 एजेंसियां शामिल हैं।

बक्सर में गैस आपूर्ति पर प्रशासन की सख्ती, कालाबाजारी पर शिकंजा

__ 27 एजेंसियों से रोजाना वितरण जारी, 1235 शिकायतों में 1184 का निपटारा, शादी-ब्याह के लिए वाणिज्यिक गैस की अलग व्यवस्था

केटी न्यूज/बक्सर

जिले में रसोई गैस की उपलब्धता बनाए रखने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 27 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इनमें इंडियन ऑयल की 13, भारत पेट्रोलियम की 6 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 8 एजेंसियां शामिल हैं।जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की संख्या भी बड़ी है। इंडियन ऑयल के 2 लाख 2 हजार 360, भारत पेट्रोलियम के 57 हजार 517 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 90 हजार 668 उपभोक्ता हैं। 13 मार्च से 24 अप्रैल तक कुल 2 लाख 148 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है। वहीं 24 अप्रैल तक एजेंसियों के पास 5 हजार 216 सिलेंडरों का भंडार उपलब्ध था।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जिले में प्रतिदिन औसत मांग 6 हजार 419 सिलेंडर है, जबकि औसत आपूर्ति 5 हजार 539 सिलेंडर प्रतिदिन हो रही है। फिलहाल 24 हजार 561 रिफिल बुकिंग लंबित हैं, जिससे लगभग साढ़े चार दिन का दबाव बना हुआ है।गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए शहरी उपभोक्ताओं को अंतिम डिलीवरी के 25 दिन बाद तथा ग्रामीण उपभोक्ताओं को 45 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कराने की अनुमति दी गई है। प्रशासन ने साफ कहा है कि निर्धारित अंतराल पर केवल घर-घर पहुंच सेवा के माध्यम से ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए सभी गैस एजेंसियों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है।

जिले के वरीय अधिकारियों, अनुमंडल पदाधिकारियों, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारियों तथा प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा लगातार गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। अब तक कालाबाजारी के मामले में बक्सर सदर अनुमंडल में दो प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। 24 अप्रैल को नौ गैस एजेंसियों और अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण भी किया गया।जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। गैस आपूर्ति से जुड़ी समस्या के लिए लोग दूरभाष संख्या 06183-223333 पर संपर्क कर सकते हैं। अब तक 1235 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 1184 मामलों का निपटारा कर दिया गया है, जबकि शेष पर कार्रवाई जारी है।

शादी-विवाह और श्राद्ध कार्यक्रमों के लिए वाणिज्यिक गैस सिलेंडर की अलग व्यवस्था की गई है। संबंधित परिवार को शादी का कार्ड संलग्न कर अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन देना होगा। जरूरत और अनुमानित मेहमानों की संख्या के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। अब तक बक्सर अनुमंडल में 337 और डुमरांव अनुमंडल में 306 आवेदन प्राप्त हुए हैं।जिलाधिकारी ने चेतावनी दी है कि गैस आपूर्ति को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। सोशल मीडिया की लगातार निगरानी की जा रही है।