दुस्साह : पूर्व पार्षद के बेटे को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलियों से भूना

दुस्साह : पूर्व पार्षद के बेटे को बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलियों से भूना
घटना स्थल पर जांच करती पुलिस

- दो बाइक से आए चार बदमाशों ने ठेकेदार को सिर से कमर तक मारी गोली

- घटना का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं, मामले की छानबीन में जुटी पुलिस

- मौके से पुलिस को मिले छह खोखे, शव से भी दो पिलेट बरामद 

- बदमाशों की पहचान और धरपकड़ को सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस  

केटी न्यूज/आरा

जिला मुख्यालय में अपराधियों का तांडव और खूनी खेल जारी है।‌ बेखौफ अपराधियों द्वारा फिर एक हत्या कर दी गयी। शुक्रवार को दिनदहाड़े एक पूर्व पार्षद के बेटे ठेकेदार को गोलियों से भून डाला गया। बाइक सवार बदमाशों द्वारा आरा के पूर्व पार्षद पुत्र को नजदीक से सात गोलियां दाग दी गयी। उससे ठेकेदार की मौके पर ही मौत हो गयी। हत्या की यह घटना सुबह करीब पौने ग्यारह बजे आरा-पटना हाईवे पर नगर थाना क्षेत्र के धनुपरा की है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी आराम से भाग निकले। मृतक नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ला (जैन कॉलेज के समीप) निवासी महेंद्र प्रताप सिंह के 42 वर्षीय पुत्र शशिकांत सिंह उर्फ शशि कुमार सिंह उर्फ विक्की थे। उनकी गीधा में गोदाम है, जबकि उनके पिता पूर्व में आरा नगर निगम के वार्ड पार्षद रह चुके हैं। इनका परिवार मूल रूप से आयर थाना क्षेत्र के बलिगांव गांव का रहने वाला है। 

घटनास्थल से शशिकांत सिंह की बुलेट बाइक, घड़ी और छह खोखे बरामद किये गये हैं। शव से भी दो पिलेट मिला है। हत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचना मिलते एसपी संजय कुमार सिंह, एएसपी हिमांशु, ट्रेनी अनुराग कुमार और नगर थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह सहित अन्य अफसर मौके पर पहुंच गये। अफसरों द्वारा अपने स्तर से घटना की छानबीन की गयी। अधिकारी अस्पताल भी गये और परिजनों से जानकारी ली। उसके बाद शव‌ का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस द्वारा घटना की छानबीन और अपराधियों की धरपकड़ शुरू कर दी गयी है। बदमाशों के भागने में पीछा भी किया जा रहा है। हालांकि पकड़ में नहीं आ सके। वहीं अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। 

बदमाशों ने ताबड़तोड़ बरसा दी गोलियां :

बताया जाता रहा है कि पूर्व वार्ड पार्षद पुत्र शशिकांत सिंह का कोईलवर के गीधा में गोदाम है। वह शुक्रवार की सुबह अपने उसी गोदाम पर गये थे। करीब पौने ग्यारह बजे वह बुलेट बाइक से लौट रहे थे। तभी आरा-पटना हाईवे पर धनुपरा स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप और एक हॉस्पिटल के पास बाइक सवार बदमाशों द्वारा उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी गयी। कहा जा रहा है  कि बदमाशों द्वारा पहले उनके साथ बकझक किया गया। उसके बाद फायरिंग कर मौत के घाट उतार दिया गया। एसपी की ओर से भी बकझक के बाद गोली मारे जाने की आशंका जताई गयी है। बदमाशों द्वारा पूर्व पार्षद पुत्र के सिर से कमर तक गोलियां दाग गयी है। 

मौके पर ही गई जान ::

पुलिस के अनुसार गोली उनके सिर के पिछले हिस्से, कनपटी, गर्दन, पंजरी, कमर और हाथ में केहुनी के पास लगी है। उससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी विनोद कुमार, डीआईयू इंचार्ज शंभू कुमार भगत और गीधा ओपी इंचार्ज पूनम कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गये। छानबीन के दौरान पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने छह खोखे बरामद किया गया है। पोस्टमार्टम के दौरान भी शव से दो पिलेट मिला है। 

कोट: 

घटना में बाइक पर सवार तीन-चार अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। सभी की पहचान और धरपकड़ को लेकर टीम बना छापेमारी की जा रही है। हत्या का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। छानबीन की जा रही है। मृत युवक के परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है। - संजय कुमार सिंह, एसपी, भोजपुर