निमेज पंचायत में पोषण पखवाड़ा के तहत जागरूकता सत्र आयोजित
प्रखंड क्षेत्र की निमेज पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 19 पर पोषण पखवाड़ा अभियान के तहत शुक्रवार को जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को संतुलित आहार, पूरक पोषण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।
केटी न्यूज/ब्रह्मपुर
प्रखंड क्षेत्र की निमेज पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 19 पर पोषण पखवाड़ा अभियान के तहत शुक्रवार को जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को संतुलित आहार, पूरक पोषण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था।इस अवसर पर पिरामल फाउंडेशन के गांधी फेलो प्रदीप ने उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को पूरक पोषण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा छोटे बच्चों के लिए पौष्टिक एवं संतुलित भोजन अत्यंत आवश्यक है।

सही समय पर उचित पोषण मिलने से मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा कुपोषण जैसी समस्याओं से बचाव संभव है।उन्होंने सरल भाषा में बताया कि दैनिक भोजन में हरी सब्जियां, दाल, दूध, फल, अंडा, अनाज एवं अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। साथ ही साफ-सफाई, समय पर टीकाकरण तथा नियमित स्वास्थ्य जांच की भी आवश्यकता बताई।कार्यक्रम में समुदाय की गर्भवती महिलाएं, धात्री महिलाएं, एएनएम, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका की सक्रिय भागीदारी रही। सभी प्रतिभागियों ने पोषण संबंधी जानकारियों को गंभीरता से सुना और अपने परिवार में स्वस्थ खानपान अपनाने का संकल्प लिया।

आयोजकों ने बताया कि पोषण पखवाड़ा अभियान के माध्यम से गांव-गांव में लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि महिलाओं और बच्चों में कुपोषण की समस्या को दूर किया जा सके। ऐसे कार्यक्रमों से समाज में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंच रहा है।स्थानीय लोगों ने इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार की पहल बेहद जरूरी है, जिससे लोगों को सही जानकारी मिल सके और स्वस्थ समाज का निर्माण हो।

