महाशिवरात्रि पर हाई अलर्ट: 118 स्टैटिक दंडाधिकारी तैनात, घाटों-मंदिरों पर कड़ी सुरक्षा
महाशिवरात्रि के मद्देनजर जिले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त ब्रीफिंग कर सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
-- डीएम-एसपी ने संयुक्त ब्रीफिंग में दिए सख्त निर्देश, रामरेखा घाट से ब्रह्मपुर तक विशेष निगरानी
केटी न्यूज/बक्सर
महाशिवरात्रि के मद्देनजर जिले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त ब्रीफिंग कर सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।प्रमुख देवालयों में भीड़ को देखते हुए प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने, बैरिकेडिंग कराने तथा पुलिस बल के साथ दंडाधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए। मंदिर प्रबंधन, वालंटियर्स और स्वयंसेवी संगठनों का सहयोग लेने पर भी जोर दिया गया।

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी एवं वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।घाटों और स्नान कुंडों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अंचलाधिकारियों को चिन्हित घाटों पर गोताखोर, लाइफ जैकेट और महाजाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। नावों पर लाल झंडा, क्षमता और संबंधित कार्यालय का नाम अंकित करना अनिवार्य होगा।बक्सर के रामरेखा घाट, नाथ बाबा घाट और ब्रह्मपुर स्थित बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर सहित अन्य संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त बल और तकनीकी निगरानी रहेगी। अग्निशमन विभाग को चिन्हित स्थानों पर एक-एक यूनिट तैनात रखने का निर्देश दिया गया है।

विद्युत विभाग को नंगे व लूज तारों को दुरुस्त कर प्रतिवेदन देने को कहा गया है। वहीं, नगर निकायों को साफ-सफाई, प्रकाश और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है।आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस और चिकित्सक टीम सभी दिन तथा 24 घंटे तैयार रहेगी। जिला नियंत्रण कक्ष (06183-223333) समाहरणालय स्थित आपदा शाखा में सक्रिय रहेगा।पर्व के दौरान 118 स्टैटिक दंडाधिकारी, 23 गश्ती दल दंडाधिकारी और 2 जोनल दंडाधिकारी की तैनाती की गई है। साइबर मॉनिटरिंग के जरिए अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से संयम और सहयोग की अपील की है।

