भगवान वामन व ब्रह्मर्षि विश्वामित्र पार्क के विकास को लेकर भाजपा ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

बक्सर को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने मुख्यमंत्री के बक्सर आगमन के दौरान उनसे मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा।

भगवान वामन व ब्रह्मर्षि विश्वामित्र पार्क के विकास को लेकर भाजपा ने सीएम को सौंपा ज्ञापन

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर को आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भारतीय जनता पार्टी ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने मुख्यमंत्री के बक्सर आगमन के दौरान उनसे मुलाकात कर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भगवान वामन मंदिर परिसर को जेल परिसर से अलग करने तथा प्रस्तावित ब्रह्मर्षि विश्वामित्र पार्क के निर्माण में आ रही तकनीकी बाधाओं को दूर करने की मांग की गई है।ज्ञापन में कहा गया कि बक्सर की धार्मिक और ऐतिहासिक पहचान भगवान वामन, ब्रह्मर्षि विश्वामित्र तथा सनातन संस्कृति की प्राचीन शिक्षण एवं शोध परंपरा से जुड़ी रही है।

वर्षों से स्थानीय श्रद्धालु भगवान वामन मंदिर को जेल परिसर से अलग करने की मांग करते आ रहे हैं। मुख्यमंत्री के प्रयास से यह मांग अब पूरी होने की उम्मीद जगी है।भाजपा जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पिछले वर्ष पर्यावरण एवं वन विभाग द्वारा ब्रह्मर्षि विश्वामित्र पार्क की योजना प्रस्तावित की गई थी तथा तत्कालीन मंत्री द्वारा उसका शिलान्यास भी किया गया था। हालांकि कुछ तकनीकी कारणों से योजना का कार्य आगे नहीं बढ़ पाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर बाधाओं को दूर करने और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि बक्सर को संतों द्वारा सनातन संस्कृति का प्रथम विश्वविद्यालय और शोध भूमि कहा जाता है। ऐसे में यहां की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के समग्र विकास के लिए विशेषज्ञों की एक टीम गठित कर अध्ययन कराया जाए। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एनडीए सरकार बक्सर को देश के प्रमुख आध्यात्मिक पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाएगी।